एक पेड़ मां के नाम अभियान में इंदौर पुलिस भी बनी भागीदार।
सभी थाना परिसरों, पुलिस लाइन व कार्यालयों में किया वृहद पौधरोपण।
पुलिस कमिश्नर इंदौर सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधे रोपकर दिया पर्यावरण की रक्षा का संदेश।
इंदौर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पर्यावरण संरक्षण के लिए देशभर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस विभाग द्वारा भी पौधरोपण किया जा रहा है।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा भी “एक पेड – मां के नाम” अभियान के तहत पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर राकेश गुप्ता की निर्देशन मे शहर के सभी थानों, पुलिस लाइन एवं कार्यालय परिसरों में पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों व उनके परिजनों द्वारा पौधे रोपे गए।
मुख्य कार्यक्रम डीआरपी लाइन इंदौर में आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर राकेश गुप्ता ने अति पुलिस आयुक्त )अपराध/मुख्यालय) नगरीय इंदौर मनोज कुमार श्रीवास्तव, अति पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) नगरीय इंदौर अमित सिंह, पुलिस उपायुक्त जोन- विनोद कुमार मीणा, पुलिस उपायुक्त जोन -2 अभिनव विश्वकर्मा, पुलिस उपायुक्त जोन-3 पकंज पांडे, पुलिस उपायुक्त (अपराध व आसूचना) हंसराज सिंह, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) जगदीश डावर, पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन इंदौर अरविंद तिवारी, सभी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त सहित इंदौर शहर के अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथि अधिकारियों का स्वागत भी एक पौधा देकर किया गया।
जनता की सुरक्षा के साथ पर्यावरण के प्रति भी निभाएं जिम्मेदारी।
पुलिस आयुक्त इंदौर शहर राकेश गुप्ता ने कार्यक्रम मे उपस्थित पुलिस अधिकारी/ कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की मंशानुरूप हम पर्यावरण के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।हम जिस तरह जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते है उसी तरह पर्यावरण संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने बताया कि पौधरोपण अभियान में इंदौर पुलिस ने भी अपना छोटा सा योगदान देते हुए करीब 11000 पौधों को विभिन्न थानों, पुलिस लाइनों, व कार्यालय परिसरों में लगाने का लक्ष्य रखा है। ये अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पहले चरण में लगाए 6500 पौधे।
पुलिस आयुक्त गुप्ता ने एक पेड़ अपनी माँ की याद में लगाते हुए कहा कि, पर्यावरण को स्वच्छ बनाये रखना व पर्यावरण संरक्षण हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है, इसके लिये हम सभी को अपनी ओर से हरसंभव प्रयास करते हुए ज्यादा से ज्यादा पेड़-पौधे केवल लगाए ही नहीं वरन उनकी देखभाल भी करें। पुलिस आयुक्त के साथ अन्य तमाम पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने भी पौधरोपण किया। पहले चरण में कुल 6500 पौधे लगाकर उनकी देखभाल का संकल्प लिया गया।