जन्मदिन पर ताई ने शुभचिंतकों और मीडिया से बनाई दूरी

  
Last Updated:  April 12, 2019 " 12:16 pm"

इंदौर: टिकट से वंचित किये जाने की कसक के बीच लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन का अपने जन्मदिन पर लोगों से नहीं मिलना और मीडिया से दूरी बनाना चर्चा का विषय रहा।

बधाई देने पहुंचे लोग हुए निराश।

शुक्रवार सुबह से ही बीजेपी नेता, कार्यकर्ता और शुभचिंतक सुमित्रा ताई को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचने लगे थे। ताई के पुत्र मंदार महाजन, पार्षद सुधीर देडगे, निगम सभापति अजयसिंह नरुका और अन्य समर्थक सभी आगन्तुकों का स्वागत कर ताई की ओर से उनकी शुभकामनाएं स्वीकार कर रहे थे और उन्हें मिठाई खिला रहे थे। कई मीडियाकर्मी भी ताई से मिलने और उनसे बात करने पहुंचे थे। हैरत की बात ये रही कि उम्मीद के विपरीत ताई किसी से नहीं मिली। ये कहा गया कि जन्मदिन पर ताई विशेष पूजा करने गई हैं और शाम तक लौटेंगी। मंदार महाजन ने भी इसकी पुष्टि की। विशेष पूजा कहां की जा रही है इस बारे में भी कोई खुलासा नहीं किया गया जबकि सूत्र बता रहे थे कि ताई घर पर ही हैं।

दोपहर बाद प्रकट हुई ताई।

बीजेपी महिला मोर्चा ने सुमित्रा ताई के जन्मदिन पर उनके दीर्घायु होने की कामना के साथ पंढरीनाथ थाने के सामने स्थित सत्यनारायण मंदिर में सत्यनारायण की कथा रखी थी। सुमित्रा ताई को भी उसमें बुलाया गया था। दोपहर 12 बजे का समय नियत था। महिला मोर्चे की पदाधिकारी और कार्यकर्ता समय पर एकत्रित हो गई। पंडितजी की मौजूदगी में कथा वाचन हुआ, भजन गाए गए। इस बीच ताई का इंतजार लम्बा होता गया। वहां भी ये चर्चा चल पड़ी की ताई बाहर निकल गई हैं, संभवत: वे नहीं आएंगी। मीडियाकर्मी भी लौटने की तैयारी में थे इस बीच दोपहर करीब डेढ़ बजे ताई अपने बेटे मंदार के साथ वहां प्रकट हो गई जबकि खुद मंदार ने कहा था कि वे विशेष पूजा में गई हैं और शाम तक लौटेंगी।

आरती की, केक काटा।

ताई के आगमन से महिला मोर्चा की कार्यकर्ता खुश हो गई। ताई ने उनके साथ सत्यनारायण भगवान की आरती की। बाद में हैप्पी बर्थ डे टू यू और तुम जियो हजारों साल की अनुगूंज के बीच ताई ने केक काटा। मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने ताई की आरती उतारी और गुलदस्ते भेंट कर उनके शतायु होने की कामना की। ताई को मालवी साफा पहनाने के साथ महिला नेत्रियों ने सेल्फी भी ली।

ताई को ही मिले टिकट।

महिला मोर्चे की नगर अध्यक्ष पद्मा भोजे ने इस मौके पर कहा कि ताई पूरी तरह एक्टिव हैं और पार्टी नेतृत्व को उन्हें ही फिर से उम्मीदवार बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी की घोषणा में देरी से लोगों में गलत मैसेज जा रहा है।

मीडिया से नहीं की बात।

जन्मदिन पर ताई से बात करने के लिए डेढ़ घंटे से मजमा लगाए बैठे मीडियाकर्मियों को यहां भी निराशा ही हाथ लगी। उन्हें दरकिनार करते हुए ताई मंदार के साथ वहां से रवाना हो गई।

अजीब लगा ताई का बर्ताव।

आम तौर पर ताई खुशमिजाज होकर सहजता के साथ सबसे मिलती हैं पर शुक्रवार को जन्मदिन होकर भी शुभचिंतकों और मीडिया से उनका दूरी बनाना किसी को समझ में नहीं आया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *