टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का सड़क दुर्घटना में निधन

  
Last Updated:  September 5, 2022 " 12:18 pm"

मुंबई: भारत के नामी उद्योगपति साइरस मिस्त्री का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि वह अपनी गाड़ी से मुंबई से अहमदाबाद जा रहे थे। पालघर के पास सड़क हादसे में उनकी जान चली गई। उनके साथ गाड़ी में ड्राइवर और दो अन्य लोग सवार थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। वह टाटा संस के चेयरमैन भी रह चुके थे।

पालघर पुलिस के मुताबिक हादसा सूर्या नदी के ऊपर बने एक ब्रिज पर हुआ। मिस्त्री के साथ सफर कर रहे अन्य दो लोग जख्मी हैं। इनमें ड्राइवर भी शामिल है। सभी घायलों को गुजरात के एक अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। मिस्त्री अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइरस मिस्त्री की सड़क हादसे में हुई मौत पर गहरा दुख जताया है। पीएम ने ट्वीट कर कहा कि साइरस मिस्त्री के असमय निधन से हतप्रभ हूं। वह एक होनहार उद्योगपति थे जो भारत की आर्थिक नीति में विश्वास करते थे। उनका निधन कॉमर्स और उद्योग की दुनिया की लिए बड़ी क्षति है। उनके मित्रों और परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

साइरस पलोनजी मिस्त्री तब चर्चा में आए जब 2012 में रतन टाटा के इस्तीफे के बाद वह टाटा संस का नेतृत्व करने के लिए चुने गए। टाटा संस के सबसे बड़े शेयरहोल्डर शपूरजी पलोनजी ग्रुप का प्रतिनिधि होने की वजह से उन्हें चेयरमैन चुना गया। साइरस मिस्त्री अपने पिता और और शपूरजी पलोनजी ग्रुप के चेयरमैन पलोनजी मिस्त्री के इस्तीफे के बाद 2006 में टाटा संस के बोर्ड में शामिल हुए। 24 अक्टूबर 2016 को टाटा संस के बोर्ड ने वोटिंग के जरिए मिस्त्री को चेयरमैन पद से हटा दिया था।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *