देशप्रेम के जज्बे के साथ सीएम शिवराज के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा

  
Last Updated:  August 12, 2022 " 10:04 pm"

समाज के हर वर्ग ने बढ़ – चढ़ कर निभाई सहभागिता।

भारत माता की जय और वंदे मातरम के साथ गूंजते रहे देशभक्ति के तराने।

समूचा यात्रा मार्ग हुआ तिरंगामय।

इंदौर : आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश और प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसके चलते आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के अनुक्रम में शुक्रवार को इंदौर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में निकली इस तिरंगा यात्रा में समाज के हर वर्ग ने बढ़ – चढ़ कर भागीदारी निभाई। देशप्रेम के जज्बे के साथ राज मोहल्ला से राजवाड़ा तक निकली इस यात्रा के दौरान पूरा मार्ग तिरंगामय नजर आया। जगह – जगह लगे मंचों से पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा के समापन पर सीएम शिवराज ने 13 से 15 अगस्त तक हर घर, दफ्तर और दुकान में तिरंगा फहराने का आह्वान इंदौर वासियों से किया।

तिरंगे झंडों से सजा था समूचा यात्रा मार्ग।

सीएम शिवराज की अगुवाई में निकली इस तिरंगा यात्रा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं। बीजेपी ने संगठन स्तर पर यात्रा को सफल बनाने की तैयारी की थी, वहीं जिला प्रशासन व नगर निगम ने पूरे यात्रा मार्ग को दुरुस्त करने के साथ हर चौराहे, घर, दुकान और दफ्तरों पर तिरंगे झंडे लगवाकर माहौल को तिरंगामय बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। लोगों में भी तिरंगा यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। छोटे – छोटे बच्चों से लेकर छात्र – छात्राएं, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भी हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर डटे थे।

भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण से शुरू हुई तिरंगा यात्रा।

शाम करीब 6 बजे राज मोहल्ला चौराहा पहुंचे सीएम शिवराज सिंह ने अमर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।उसके बाद वे हाथों में तिरंगा थाम कर यात्रा के लिए बनाए गए विशेष रथ में सवार हो गए।महापौर पुष्यमित्र, विधायक मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, आकाश विजयवर्गीय, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, जयपाल सिंह चावड़ा, मधु वर्मा और अन्य नेता उनके साथ थे। यात्रा में सबसे आगे बीएसएफ के जवानों की टुकड़ी के साथ सांसद शंकर लालवानी चल रहे थे। उसके पीछे बैंड दल देशप्रेम के तराने गाते – बजाते माहौल में देशभक्ति का जज्बा जगा रहा था। एक वाहन में सभी धर्मों के धर्मगुरु सवार थे, जो दर्शा रहें थे कि तिरंगे के सम्मान में सभी एकजुट हैं। सीएम शिवराज का रथ यात्रा में सबसे पीछे चल रहा था। उनके साथ लोगों को भीड़ हाथों में तिरंगा थामें चल रही थी। मार्ग में दोनों ओर खड़े स्कूली छात्र – छात्राएं, महिलाएं, खिलाड़ी, समाजसेवी, युवा, व्यापारी और आम जनता तिरंगे के साथ भारत माता की जय,वंदे मातरम का नारा बुलंद कर रहे थे। सीएम शिवराज सभी का अभिवादन करते चल रहे थे।

मंचों से पुष्प वर्षा कर किया गया स्वागत।

यात्रा मार्ग पर व्यापारिक, धार्मिक, सामाजिक और खेल संगठनों के साथ किन्नर समुदाय ने भी मंच सजाकर सीएम शिवराज की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा का फूल बरसाकर स्वागत करते हुए देश के प्रति अपने समर्पण को अभिव्यक्त किया। मुकेरीपुरा मस्जिद के पास हाजी इनायत कुरैशी और बंबई बाजार पुलिस चौकी के सामने कांग्रेसी पार्षद अयाज बेग के नेतृत्व में मुस्लिम समाज ने तिरंगा यात्रा का इस्तकबाल किया। जवाहर मार्ग शिव मंदिर के पास मराठी समाज की ओर से चंद्रकांत पराड़कर, मिलिंद दिघे, अनिल धड़वईवाले और अन्य लोगों ने तिरंगा यात्रा पर पुष्प वर्षा की। सिख समाज ने यशवंत रोड चौराहे पर मंच सजाकर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। इसके अलावा घरों की ऊपरी मंजिलों पर खिड़कियों व बालकनी में खड़े लोगों ने भी तिरंगा लहराते हुए यात्रा में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। तिरंगा यात्रा जवाहर मार्ग से यशवंत रोड होते हुए राजवाड़ा पहुंची।

हर घर तिरंगा फहराने का दिलाया संकल्प।

सीएम शिवराज सिंह ने राजवाड़ा पर लगाए गए मंच से संबोधित करते हुए इंदौर की जनता को तिरंगा यात्रा में बढ़ – चढ़ कर सहभागिता दर्ज कराने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने इंदौर वासियों से आग्रह किया कि वे हर घर, दफ्तर और दुकान पर तिरंगा फहराएं। तिरंगा भी वे अपनी मेहनत की कमाई से खरीदकर घरों, दुकानों में सजाएं। सीएम शिवराज ने इस आशय का संकल्प भी उपस्थित लोगों को दिलाया। इस मौके पर ढोल ताशा समूह ने मनोहारी प्रस्तुति दी, वहीं जोरदार आतिशबाजी भी की गई।

बाद में सीएम शिवराज ने अहिल्या उद्यान पहुंचकर मां अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और प्रदेश वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *