धार्मिक नारे लगाते हुए युवक ने गोरक्षनाथ मंदिर के सुरक्षाकर्मियों पर किया हमला, दो जवान घायल, आरोपी गिरफ्तार

  
Last Updated:  April 4, 2022 " 06:20 pm"

लखनऊ : गोरखपुर स्थित नाथ सम्प्रदाय की सर्वोच्च पीठ गोरक्षनाथ मन्दिर की सुरक्षा में रविवार शाम एक युवक ने सेंध लगा दी। धार्मिक नारा लगाते हुए धारदार हथियार से लैस इस युवक ने मन्दिर की सुरक्षा में तैनात पीएसी के जवानों पर हमला कर दिया। युवक के हमले में दो जवान घायल हो गए। उसने घायल जवानों की रायफल छीनने की भी कोशिश की। अन्य सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह धार्मिक नारे लगाते हुए मन्दिर के अंदर घुस गया। इससे अफरा- तफरी मच गई।हालांकि जवानों ने पीछा कर उसे घर- दबोचा। इस दौरान युवक को भी चोटें आई। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल ले जाया गया।

बैग में मिला हवाई टिकट।

बताया जाता है कि पुलिस ने उसके कब्जे से एक बैग बरामद किया जिसमें लैपटॉप, पेन व आधार कार्ड और गोरखपुर से दिल्ली जाने का टिकट मिला। हमलावर युवक की पहचान मुर्तजा अब्बासी के रूप में हुई। युवक खासा पढा- लिखा है। उसने मुम्बई आईआईटी से कैमिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है। पता चला कि उसके पिता नामी डॉक्टर हैं। वह गोरखपुर में ही प्रैक्टिस करते हैं।

चाहता था कोई उसे गोली मार दे।

स्थानीय जिला अस्पताल ले जाए गए हमलावर युवक ने मीडिया को बताया कि नौकरी छूटने और बीवी के छोड़कर चले जाने से वह परेशान रहता था। वह चाहता था कि कोई उसे गोली मार दे, इसलिए उसने पुलिस पर हमला कर दिया।

सीएम योगी आदित्यनाथ जाएंगे गोरक्षनाथ मन्दिर।

गोरक्षनाथ मन्दिर के सुरक्षाकर्मियों पर हमले की घटना को गंभीरता से लेते हुए यूपी सरकार ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश जारी किए है। हमले में विदेशी आतंकी कनेक्शन की आशंका को देखते हुए एनआईए और आईबी को भी घटना की जानकारी दी गई है। इस बीच सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर पहुंच रहे हैं।वे गोरक्षनाथ मन्दिर पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से समूचे घटनाक्रम की जानकारी लेंगे।
बता दें कि योगी आदित्यनाथ, नाथ सम्प्रदाय के ही अनुयायी हैं। गोरक्षनाथ मन्दिर के वे महंत रहे हैं। ऐसे में यह माना जा रहा है कि इस हमले के पीछे कोई बड़ी साजिश भी हो सकती है। फिलहाल मन्दिर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के साथ यूपी पुलिस हमले की घटना की जांच में जुटी है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *