परशुराम लोक का 10 करोड़ से अधिक की लागत से होगा विकास

  
Last Updated:  June 23, 2023 " 03:20 pm"

महेश्वर – जानापाव उद्वहन सिंचाई परियोजना से 70 गांव के किसान होंगे लाभान्वित।

मंत्री उषा ठाकुर ने महू विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का पेश किया रिपोर्ट कार्ड।

इंदौर : महू की विधायक और संस्कृति व पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने एक बार फिर महू से चुनाव मैदान में उतरने का मन बना लिया है। बीते दिनों उन्होंने महू विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों और भावी कार्य योजनाओं की जानकारी देते हुए अपना रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया।

जानापाव पर विकसित होगा परशुराम लोक।

मंत्री उषा ठाकुर ने दावा किया कि भगवान परशुराम की जन्मस्थली को तीर्थ स्थली के रूप में संवारने का काम बीजेपी की सरकार ने किया। इसके तहत मंदिर का निर्माण, पहुंच मार्ग और कुंड का उन्नयन किया गया है। परशुराम लोक का भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह कर चुके हैं। 10 करोड़ 32 लाख रुपए की लागत से विकसित किए जाने वाले परशुराम लोक में गौशाला, वृहद पार्किंग स्थल, कुंड पर पाथ वे, स्टेपवेल डिजाइन, स्टोन रेलिंग वा फेंसिंग, घाट अलाइनमेंट, फाउंटेन, लाइटिंग, पिचिंग और रिटेनिंग वॉल बनाई जाएगी। इसी के साथ ब्रह्मकुंड, हर्बल गार्डन, प्रवेश प्लाजा, ऑडियो विजुअल लर्निंग के साथ बहुउद्देशीय हॉल भी बनाया जाएगा। इसके अलावा यज्ञशाला का जीर्णोद्धार, मंदिर के आसपास लैंड स्केपिंग व अन्य कार्य किए जाएंगे।

जननायक टंट्या मामा के मंदिर का पुनर्निर्माण किया।

मंत्री उषा ठाकुर ने बताया कि कांग्रेस ने क्रांति सूर्य जननायक टंट्या मामा के शौर्य और बलिदान को भूला ही दिया था, पातालपानी टंट्या मामा की कर्मभूमि रही है। उनके संघर्ष व बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सीएम शिवराज की अगुवाई में उनके मंदिर का पुनर्निर्माण किया गया है। मंदिर में टंट्या मामा की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। पातालपानी रेलवे स्टेशन का नाम जननायक टंट्या मामा के नाम पर किया गया है। पातालपानी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित भी किया गया है।

बाबासाहब की जन्मस्थली को तीर्थ के रूप में विकसित किया।

उषा ठाकुर ने कहा कि संविधान के निर्माता बाबासहब आंबेडकर की जन्मस्थली महू स्थित स्मारक सहित उनके पंचतीर्थ को संवारने का काम बीजेपी सरकार ने किया। बाबासाहब की जयंती पर देशभर से आने वाले अनुयायियों के ठहरने के लिए धर्मशाला निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध करा दी गई है।

महेश्वर – जानापाव उद्वहन सिंचाई व नदी जोड़ो परियोजना।

मंत्री उषा ठाकुर ने महत्वाकांक्षी महेश्वर – जानापाव उद्वहन सिंचाई व नदी जोड़ो परियोजना की जानकारी देते हुए कहा कि जानापाव कुटी जमदग्नि ऋषि की तपोभूमि होने के साथ भगवान परशुराम की जन्मस्थली भी है। यहां साढ़े सात नदियों का उद्गम स्थल है, जिनमें चंबल, सुमरिया, गंभीर, अग्रेड, चोरल, कारम, बीरम नेकेदेश्वरी नदियां शामिल हैं।यहां महेश्वर से नर्मदा जल लाया जाएगा। 12 सौ करोड़ से अधिक की इस महती उद्वहन सिंचाई परियोजना से 70 गांवों के किसान लाभान्वित होंगे। इसी के साथ बेका तालाब के निर्माण हेतु 12 करोड़ 70 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। गोकलिया कुंड तालाब सिंचाई परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है।

सड़कों का जाल बिछाया।

मंत्री उषा ठाकुर ने दावा किया कि उनके विधानसभा क्षेत्र महू में 2018 के बाद सड़कों का जाल बिछाया गया है। 210 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से करीब 335 किमी की सड़कें बनाई गई हैं।तमाम गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ा गया है ताकि गांवों तक विकास का लाभ पहुंच सकें।

रेलवे ब्रिज की सौगात।

मंत्री ठाकुर ने बताया कि महू विधानसभा के शंकर बेकरी से डॉ. आंबेडकर स्मारक की ओर जाने वाले मार्ग पर रेलवे ओवर ब्रिज बनाया जा रहा है, जल्दी ही इसका निर्माण प्रारंभ हो जाएगा।

50 हजार से अधिक बहने बनीं लाडली बहना।

मंत्री उषा ठाकुर ने बताया कि महू की कुल 78 पंचायतों में 38075 पात्र हितग्राही बहनों को लाडली बहना योजना से जोड़ा गया है।इसी के साथ मानपुर में 1083, महू गांव में 4794 और महू नगर की 6223 बहनों सहित महू विधानसभा में कुल 50175 बहनों को लाडली बहना योजना से लाभान्वित किया गया है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *