महिला से झगड़े का बदला बच्चों की हत्या करके लिया।
देवास के ढांचा भवन कॉलोनी की घटना।
पुलिस ने आरोपी प्रेमी को किया गिरफ्तार।
देवास : शहर के ढांचा भवन कॉलोनी में दो मासूम बच्चों की संदिग्ध मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला के प्रेमी ने ही उसके दोनों बच्चों की हत्या कर दी थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये थी पूरी घटना : –
देवास के ढ़ांचा भवन कॉलोनी में अकेले रहने वाली एक महिला ने पड़ोसी को सूचना दी कि उसके दोनों बच्चे हेमंत उम्र 07 वर्ष और बेटी ईशा
उम्र 03 वर्ष उठ नहीँ रहे हैं,इस पर पड़ोसियों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामला संदिग्ध होने से दोनों मासूमों के शव पोस्टमार्टम के लिए रखवाए गए। इस बीच देवास पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए मात्र 12 घंटे में दोनों बच्चों की संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझा ली।पुलिस ने बताया कि दोनों बच्चों की हत्या उनकी मां के प्रेमी लोकेंद्र मालवीय निवासी सोनकच्छ ने की है।
पुलिस ने बताया कि महिला प्रिया यादव मूलतः मथुरा की रहने वाली है। वह एक माह पहले ही पीथमपुर से ढांचा भवन में रहने आई थीं । प्रिया के अनुसार उसका अपने पति से तलाक का मामला चल रहा है। महिला नौकरी के सिलसिले में अपने दोनों बच्चों के साथ देवास आकर रह रही थीं । शुक्रवार रात उसका प्रेमी घर आया था। रात में शराब के नशे में किसी बात पर दोनों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हुई जिसके बाद महिला पड़ोसी के घर चली गई । इधर नशे में लोकेन्द्र ने दोनों बच्चों से मारपीट करते हुए गला दबा कर उनकी हत्या कर दी और कंबल से ढंक दिया। बाद में आरोपी मौके से फरार हो गया। सुबह महिला घर लौटी और बच्चों को जगाने की कोशिश की। लेकिन उनके शरीर में कोई हरकत न होती देख पड़ोसियों को खबर की और उनकी मदद से बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया। पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो उसने प्रेमी के साथ झगड़ा होने की बात कबूली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रेमी लोकेंद्र मालवीय निवासी सोनकच्छ को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने दोनों मासूम बच्चों हेमंत और ईशा की हत्या करना कबूला। आरोपी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।









