बाणेश्वरी कावड़ यात्रा से छाया शिवभक्ति का उल्लास,जगह – जगह किया गया यात्रा का स्वागत

  
Last Updated:  July 22, 2022 " 06:36 pm"

इंदौर : बीते रविवार को इंदौर से एवं सोमवार को महेश्वर से प्रारंभ हुई बाणेश्वरी कावड़ यात्रा गुजरी, मानपुर एवं महू होते हुए गुरुवार शाम इंदौर पहुंच गई थी। महू से राऊ एवं राजेन्द्र नगर होते हुए अन्नपूर्णा रोड स्थित द्वारका गार्डन पहुंचने पर शहर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने यात्रा का स्वागत किया।

इंदौर भ्रमण के दौरान कावड़ यात्रा का भव्य स्वागत।

शुक्रवार सुबह यात्रा संयोजक गोलू शुक्ला की अगुवाई में कावड़ यात्रा नगर भ्रमण करते हुए उज्जैन की ओर रवाना हुई। इस दौरान तोरण द्वार सजाने के साथ सैकड़ों मंचों से पुष्प वर्षा कर कावड़ यात्रा का स्वागत किया गया। ढोल – ताशे की गूंज,भजनों की सुमधुर लहरियां और बम बम भोले के जयकारे के साथ झूमते श्रद्धालु भक्ति और उल्लास का अलौकिक मंजर पेश कर रहे थे। कावड़ यात्रा में लहराती भगवा पताकाएं, मनोहारी झांकियां और शिवगण भी आकर्षण का केंद्र बनें रहे।

नव निर्वाचित महापौर और विधायक ने किया स्वागत।

अन्नपूर्णा मंदिर में चुनरी समर्पण के बाद कावड़ यात्रा महूनाका चौराहा पहुंची तो नव निर्वाचित महापौर पुष्यमित्र भार्गव, क्षेत्रीय विधायक मालिनी गौड़ और बीजेपी नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। सभी नेताओं ने कावड़ उठाकर कुछ दूरी तक गोलू शुक्ला का साथ निभाया।

आकाश विजयवर्गीय भी कावड़ यात्रा में हुए शामिल।

बाणेश्वरी कावड़ यात्रा कलेक्टोरेट से मोती तबेला, हरसिद्धि क्षेत्र पहुंचने पर विधायक आकाश विजयवर्गीय, आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, सूरज केरो और हरिनारायण यादव ने यात्रा का स्वागत किया। वे कावड़ यात्रा में शामिल भी हुए। पंढरीनाथ पथ, यशवंत रोड पर भी कई मंचों से यात्रा का फूल बरसा कर स्वागत किया गया।

अहिल्या प्रतिमा का किया जलाभिषेक।

कावड़ यात्रा के राजवाड़ा पहुंचने पर यात्रा संयोजक गोलू शुक्ला ने देवी अहिल्या की प्रतिमा का जलाभिषेक कर पूजन व माल्यार्पण किया।

यहां से कावड़ यात्रा इमली बाजार, सदर बाजार, मरीमाता चौराहा एवं बाणगंगा होते हुए रेवतीरेंज पहुंची।

रेवती रेंज में रात्रि विश्राम के बाद कावड़ यात्रा 23 जुलाई को सुबह भंवरासला से पंथपिपलई और 24 को पंथ पिपलई से उज्जैन पहुंचेगी। रात्रि विश्राम के बाद सोमवार 25 जुलाई को तमाम कावड़ यात्री बाबा महाकालेश्वर का जलाभिषेक करने के साथ भस्म आरती में शामिल होंगे। इस दौरान बाबा महाकालेश्वर से प्रदेश में खुशहाली, सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की जाएगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *