बाल अधिकार सप्ताह के तहत स्कूली बच्चों को दी गई कानूनी अधिकार और ट्रैफिक नियमों की जानकारी

  
Last Updated:  November 18, 2021 " 05:57 pm"

इंदौर : बाल दिवस के उपलक्ष्य में म.प्र. शासन निर्देशानुसार 14 से 20 नवबंर 2021 तक बाल अधिकार सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत महिला बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, यूनिसेफ एवं इन्दौर पुलिस द्वारा स्कूलों में बच्चों के बीच जाकर, उनकी सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी कड़ी में स्टूडेंट पुलिस कैडेट योजना की नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) इंदौर मनीषा पाठक सोनी के मार्गदर्शन में एसपीसी के अंतर्गत चयनित शासकीय माध्यमिक विद्यालय पिपलियाहाना, शासकीय माध्यमिक विद्यालय रालामंडल, शासकीय सुभाष उ.मा. विद्यालय बड़ागणपति, शासकीय कन्या उ.मा. विद्यालय महूंगांव, शासकीय कन्या उ.मा. विद्यालय राजेन्द्र नगर, शासकीय अत्रिदेवी उ.मा. विद्यालय सुदामानगर में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उक्त स्कूलों में इंदौर पुलिस के उप निरीक्षक शिवम ठक्कर, सउनि गयेन्द्र यादव एवं टीम के साथ संबंधित स्कूलों के नोडल पदाधिकारियों ने बाल अधिकार सप्ताह के तहत बच्चों को उनके अधिकारों, शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और बाल अपराधों के संबंध में प्रारंभिक जानकारी दी गयी। इसी के साथ उनके व्यक्तित्व विकास हेतु मूल अधिकार, नैतिक कर्तव्यों के पालन, सामान्य कानूनी प्रावधान, ट्रेफिक रूल्स और पुलिस के हेल्पलाइन नम्बर के बारें में बताया गया।
छात्र/छात्राओं को स्वयं की रक्षा हेतु सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग भी एक्सपर्ट द्वारा प्रदान की गयी। साथ ही उन्हें शारीरिक विकास हेतु बेहतर न्यूट्रीशन कितना आवश्यक है, के बारें में महत्वपूर्ण जानकरी देकर, उन्हें इसके प्रति जागरूक किया गया।

एक अन्य कार्यक्रम में मालवा मेंटल हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के सहयोगी समूह गुरु दक्षिणा द्वारा शासकीय नवीन मालव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एमओजी लाइन, इंदौर पर गुरु दक्षिणा समूह एल्यूमनी डीएवीवी की परामर्श मनोवैज्ञानिक रीना गांधी मैडम एवं उनके सहयोगी गुरु दक्षिणा समूह समन्वयक गोविंद नारायण शर्मा द्वारा छात्राओं को सेफ सिटी, महिला सुरक्षा के प्रति सम्मान, छेड़छाड़ मुक्त शहर का निर्माण, विषय पर विभिन्न गतिविधियों के जरिए रोचक जानकारी दी गई। भारती श्रीवास्तव जिला समन्वयक ममता यूनिसेफ हेल्थ इंस्टिट्यूट ऑफ मदर एंड चाइल्ड द्वारा बाल संरक्षण, महिला हेल्पलाइन नंबर एवं सामाजिक मुद्दे लिंग भेद आदि पर भी छात्राओं को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर राईजिंग वर्ल्ड फाउंडेशन एवं केक एंड क्राफ्ट्स संस्था की ओर से बच्चों के लिए तैयार किए गए केक, चाकलेट, कुकीज आदि के विशेष गिफ्ट हैम्परर्स उपरोक्त स्कूलों के बच्चों को वितरित किए गए।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *