भक्तिमय उल्लास के साथ मनाया गया सत्य साई बाबा का 99 वा अवतरण दिवस

  
Last Updated:  November 24, 2024 " 05:21 pm"

इंदौर : सत्य साई सेवा समिति के बैनर तले श्री सत्य साई बाबा का 99 वां जन्मोत्सव इंदौर में आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया।

समिति के संयोजक आदित्य भट्ट, मनीष पाठक और जिलाध्यक्ष कपिल भल्ला ने बताया कि जन्मोत्सव की शुरुआत ब्रह्म मुहूर्त में सत्य साई विद्या विहार से बाबा की पालकी निकाल कर प्रभात फेरी के साथ हुई। दोपहर में गुमाश्ता नगर स्थित साई अन्नपूर्णा पर भजनों का आयोजन कर गरीबों को भोजन प्रसादी वितरित की गई। उन्हें उपहार भी दिए गए। यहां डॉ. माधवी पटेल ने बाबा के साथ अपने अनुभव भी साझा किए।

बाबा के अवतरण दिवस का मुख्य कार्यक्रम शाम को सत्य साई विद्या विहार के प्रांगण में सम्पन्न हुआ जहाँ हजारों की संख्या में भक्त उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में सबसे पहले नाम संकीर्तन पेश किया गया। इसके बाद सत्य साई विद्या विहार के बच्चों ने बैंड के माध्यम से भजनों की प्रस्तुति दी, वहीं बाल विकास के बच्चों द्वारा गणेश वंदना, भज गोविन्दम और राम स्तुति पर नृत्य प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सत्य साई विद्या विहार के सचिव त्रिभुवन सचदेवा थे। उन्होंने अपने उद्बोधन में सत्यसाई बाबा ने उपदेशों पर प्रकाश डाला। उनके अनुसार सत्य साई बाबा का कहना था कि हर व्यक्ति को 20 वर्ष की उम्र से आध्यात्मिक साधना शुरू कर देनी चाहिए। श्रद्धा और भक्ति,त्रिकरण शुद्धि, चार पुरुषार्थ,पाँचों इंद्रियों पर नियंत्रण कर उसे षठ रिपुओं से बचना चाहिए। तभी वह भगवत प्राप्ति कर पाएगा। चित्त शुद्धि से ही भगवान को पाया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में संगीत जगत में विश्व प्रसिद्ध सत्य साई मिरपुरी कॉलेज ऑफ म्यूजिक आंध्र प्रदेश के विद्यार्थियों सर्वश्री प्रिंस पटेल, साईं ऐश्वर्य महाशब्दे, सोपान अंबासेलकर, मयंक गांधी और आदित्य अग्रवाल ने भक्ति संगीत की श्रवणीय प्रस्तुति देकर पूरा माहौल भक्तिमय बना दिया। अंत मे जब उन्होंने जन्मोत्सव गीत प्रस्तुत किया, उसी वक्त सत्य साई भक्तों ने बाबा की पालकी निकाल कर कार्यक्रम को उल्लासमय बना दिया। बाबा को 99 वें दीपों से आरती अर्पित करने के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ। कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य नागरिक, भक्त एवं सत्य साई विद्या विहार का पूरा स्टॉफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का संचालन कपिल खंडेलवाल ने किया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *