भक्तिवभाव के साथ मनाया गया भगवान झूलेलाल का जन्मोत्सव, शोभायात्रा ने बनाया उत्सवी माहौल

  
Last Updated:  April 2, 2022 " 09:30 pm"

इंदौर : सिन्धी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल का जन्मोत्सव शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। इसके तहत छत्रीबाग स्थित अखंड ज्योति मंदिर में अरदास,पल्लव के साथ महाआरती का आयोजन किया गया। अखंड पाठ साहब की समाप्ति के बाद महाप्रसाद का वितरण हुआ।

घर- घर जलाए दीप।

सिंधी समाजजनों ने भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अपने अपने घरों में दीपक जलाकर अपने इष्ट देव की आराधना की।

शोभायात्रा में दिखा उत्सवी माहौल।

भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव के अवसर पर शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कोरोना काल में दो वर्षों तक ये यात्रा नहीं निकल पाई थी, पर इस बार धूमधाम से निकली इस शोभायात्रा ने उत्सवी माहौल का नजारा पेश कर दिया। हजारों की संख्या में समाजजनों ने इसमें भाग लिया। बैंड- बाजे, डीजे और ढोल- ताशे की गूंज के बीच समाजजन थिरकते हुए चल रहे थे।सुमधुर भजन कानों में भक्ति की धारा प्रवाहित कर रहे थे। अखाड़ों के कलाकार रास्तेभर अपनी शस्त्रकला का प्रदर्शन करते चल रहे थे। पौराणिक प्रसंगों पर आधारित झांकिया लोगों को लुभा रही थी। रालामंडल अभयारण्य पर केंद्रित झांकी पर्यावरण और प्राणियों के संरक्षण का संदेश दे रही थी।सांसद शंकर लालवानी एक सुसज्जित वाहन में सवार होकर जनता का अभिवादन करते चल रहे थे।
मार्ग में अनेक मंचों द्वारा शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। छत्रीबाग स्थित झुलेलाल मन्दिर से प्रारम्भ हुई शोभायात्रा नृसिंह बाजार चौराहा, जवाहर मार्ग, यशवंत रोड, पंढरीनाथ, हरसिद्धि, मोतीतबेला, कलेक्टर तिराहा, पलसीकर कॉलोनी होते हुए सिंधी कॉलोनी पहुँचकर समाप्त हुई।

पूजन- आरती में कई विशिष्टजन हुए शामिल।

मंदिर में भगवान झूलेलाल के पूजन में बड़ी संख्या में सिंधी समाज जन उपस्थित रहे। जिसमें प्रमुख रुप से प्रदेश वार्ताकार जे पी मूलचंदानी, हरीश डावानी, अशोक खुबानी, सुरेश केसवानी, देवानंद मंगतानी, विजय माखीजा, मंशाराम राजानी,नरेश फुंदवानी,जगदीश फतैहचंदानी,धीरज कुंडल व अंन्य समाजजन उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *