भारतीय संपूर्ण क्रांतिकारी पार्टी मप्र, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव

  
Last Updated:  September 3, 2023 " 06:34 pm"

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर जोगिंदर सिंह ने किया ऐलान।

इंदौर : आगामी विधानसभा चुनावों में भारतीय संपूर्ण क्रांतिकारी पार्टी भी अपने उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी राजस्थान, मप्र व छत्तीसगढ़ तीनों राज्यों में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है।

ये बात पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर जोगिंदर सिंह भदौरिया ने कही। वे रविवार को प्रेस वार्ता के जरिए अपनी बात रख रहे थे। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. एपी सिंह, पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आरसी यादव, कार्यकारी जिला अध्यक्ष अंकुश गुप्ता और योगाचार्य सुधाकर पुरी भी इस अवसर पर मौजूद थे।

ठाकुर जोगिंदर सिंह का कहना था कि तीनों राज्यों में उनकी पार्टी अन्य छोटे दलों के साथ तालमेल कर चुनाव लड़ेंगी। इस सिलसिले में उनकी चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस की सरकारों से जनता त्रस्त हो चुकी है और बदलाव चाहती है। ऐसे में भारतीय संपूर्ण क्रांतिकारी पार्टी विकल्प बन सकती है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का चुनाव चिन्ह तराजू होगा। इसके लिए चुनाव आयोग से निवेदन किया गया है।

पत्रकारों के परिवारों को 5 करोड़ देंगे।

ठाकुर जोगिंदर सिंह ने भारतीय संपूर्ण क्रांतिकारी पार्टी के एजेंडे का खुलासा करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार, गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे जनता से जुड़े मुद्दे उनकी प्राथमिकता में होंगे।उनकी सरकार बनने पर परिवार की महिला मुखिया को 5 हजार रुपए प्रति माह देंगे। जान जोखिम में डालकर अपने दायित्व को अंजाम देने वाले पत्रकार की किसी दुर्घटना में मृत्यु होने पर उसके परिवार को 5 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। ठाकुर जोगिंदर सिंह ने छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने और खाद्य सुरक्षा कानून बनाने की भी बात कही।

जयप्रकाश नारायण के विचारों से प्रेरित है पार्टी।

ठाकुर जोगिंदर सिंह के अनुसार भारतीय संपूर्ण क्रांतिकारी पार्टी जयप्रकाश नारायण के संपूर्ण क्रांति के विचारों से प्रेरित है। इसकी स्थापना 2006 में स्वर्गीय ओमप्रकाश सिंह ने की थी। वे जयप्रकाश नारायण के साथी रहे हैं। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर के बाद उनकी पार्टी अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *