महाशिवरात्रि पर लाखों दीपों से रोशन होंगे क्षिप्रा के घाट

  
Last Updated:  February 24, 2022 " 03:29 pm"

उज्जैन : महाशिवरात्रि पर्व पर उज्जैन शहर में 21 लाख दीपक जलाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दिन शिप्रा नदी के दोनों तटों पर रामघाट, दत्त अखाड़ा, सुनहरी घाट, नृसिंह घाट, रविदास घाट आदि घाटों पर 12 लाख दीए एकसाथ जलाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कराया जाएगा। इस हेतु गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड की टीम के 25 फरवरी तक उज्जैन पहुंचने की संभावनाएं बताई जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में एक स्थान पर सर्वाधिक दीप प्रज्वलन का रिकार्ड अयोध्या में 3 नवम्बर 2021 को 9 लाख 41 हजार 551 दीए जलाकर बनाया गया है।

स्वयंसेवी संगठनों को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी।

दीप महोत्सव की कार्य योजना को अन्तिम रूप देने के लिए सिंहस्थ मेला कार्यालय में कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्मार्ट सिटी के सीईओ आशीष पाठक, कार्यपालन यंत्री पीयूष भार्गव, जगदीश अग्रवाल, अशोक प्रजापत, विशाल राजौरिया व जगदीश पांचाल सहित 300 से अधिक स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर द्वारा विभिन्न घाटों पर दीप प्रज्वलन की सेक्टरवार जिम्मेदारी स्वयंसेवी संगठनों को सौंपी गई।

रामघाट पर रोशन होंगे 12 लाख दीपक।

बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि उज्जैन शहर के लोग दीप महोत्सव से जुड़ रहे हैं, यह निश्चित रूप से अदभुत है। उन्होंने बताया कि रामघाट पर कुल 12 लाख दीपक प्रज्वलित करने का लक्ष्य है। ये सभी दीपक पांच मिनिट तक जलेंगे व इनको ड्रोन के माध्यम से केप्चर किया जाएगा। रामघाट शिप्रा नदी तट पर दोनों ओर कुल सात ब्लॉक और 131 सेक्टर बनाए गए हैं। प्रत्येक सेक्टर में 100 वॉलेंटियर्स की नियुक्ति की जाएगी, जो दीप प्रज्ज्वलन की जिम्मेदारी निभाएंगे। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक वॉलेंटियर के साथ एक पर्यवेक्षक की नियुक्ति भी की जायेगी, जिससे दीप रोशन करते समय समन्वय बना रहे।

बैठक में स्मार्ट सिटी सीईओ आशीष पाठक ने दीप महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत की। जगदीश अग्रवाल ने कहा कि विश्व पटल पर उज्जयिनी नगरी की ख्याति बढ़े, इस दृष्टि से दीप महोत्सव का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इस तरह के आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने में कारगर सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि इस पूरे महायज्ञ में हर व्यक्‍ति अपनी आहुति दे, तभी आयोजन सफल होगा। अग्रवाल ने कहा कि 12 हजार से अधिक स्वयंसेवकों की आवश्यकता इस कार्य के लिए पड़ रही है। शहर के नागरिकों में सहयोग के लिए अभूतपूर्व उत्साह है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *