महाशिवरात्रि पर लाखों दीयों की रोशनाई से जगमगाया क्षिप्रा तट

  
Last Updated:  February 19, 2023 " 01:24 pm"

गिनीज बुक ने मुख्यमंत्री को सौंपा विश्व रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट।

उज्जैन : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि उज्जैन वासियों ने जन-भागीदारी का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। जन-भागीदारी से ही लगभग 19 लाख दीयों का विश्व रिकॉर्ड बना है। भगवान महाकाल की उज्जैन नगरी पर कृपा बरस रही है। चारों ओर उत्सव और आनंद का वातावरण है। सभी सुखी हों, सभी निरोग हों और सबका कल्याण हो।उज्जैन शहर के लिए यह गौरव का दिन है। उज्जैन की जनता ने रामघाट, दत्त अखाड़ा, नृसिंह घाट, गुरूनानक घाट, सुनहरी घाट, भूखीमाता घाट पर एक साथ 18 लाख 82 हजार 229 दीप प्रज्ज्वलित कर नया विश्व रिकार्ड स्थापित किया है। मुख्यमंत्री चौहान ने भोपाल से अपने साथ लाए दीयों को रामघाट पर पत्नी साधना सिंह चौहान के साथ प्रज्ज्वलित कर शिवज्योति अर्पणम कार्यक्रम की शुरूआत की।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अवंतिका नगरी को श्री महाकाल महाराज की कृपा और आम जनता की भक्ति, श्रद्धा एवं तपस्या से महाशिवरात्रि पर एक अनोखा विश्व रिकार्ड स्थापित करने का सौभाग्य मिला है।

मुख्यमंत्री को सौंपा विश्व रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट।

मुख्यमंत्री चौहान को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम के स्वप्निल डंगरीकर एवं निश्चल बारोट ने वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित होने का प्रमाण-पत्र सौंपा। शिव ज्योति अर्पण कार्यक्रम में रामघाट पर दीप प्रज्ज्वलन का कार्य शाम 7 बजे से प्रारम्भ हुआ। एक साथ 18 लाख 82 हजार 229 दीप प्रज्ज्वलित हो उठे। रात्रि 8 बजे ड्रोन कैमरे से दीयों की गिनती की गई।

मुख्यमंत्री चौहान ने पत्नी साधना सिंह चौहान के साथ नौका पर बैठ कर रामघाट से भूखीमाता तक लगाए गए दीपों की अद्भुत छटा को निहारा। घाटों की रोशनी बन्द कर दी गई और दीपों की रोशनी से शिप्रा नदी का तट नहा उठा। इस अवसर पर लेजर शो का प्रदर्शन किया गया वहीं शिव ज्योति अर्पणम का टाइटल सांग भी लांच किया गया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *