मोदी सरकार के कार्यकाल में दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बना भारत

  
Last Updated:  June 9, 2023 " 12:32 am"

प्रेस वार्ता में बोले केंद्रीय राज्य मंत्री सोमप्रकाश एवं महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री सुधीर मुनगंटीवार।

महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री सुधीर मुनगंटीवार द्वारा लिखी गई कॉफी टेबल बुक द आर्किटेक्ट ऑफ न्यू इंडिया का किया गया विमोचन।

इंदौर : केंद्र में मोदी सरकार के 09 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रीगल तिराहा स्थित निजी होटल में केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश और महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने प्रेस वार्ता के जरिए मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने नरेंद्र मोदी नेतृत्व वाली भाजपा शासित एनडीए सरकार के 09 वर्षों को सेवा सुशासन एवं गरीब कल्याण का कार्यकाल निरूपित किया।

प्रधानमंत्री मोदी पर केंद्रित कॉफी टेबल बुक का विमोचन।

इस मौके पर महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री सुधीर मुनगंटीवार द्वारा प्रधानमंत्री मोदी पर लिखी गई कॉफी टेबल बुक ‘द आर्किटेक्ट ऑफ न्यू इंडिया ‘ का विमोचन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा देशभर में किए गए विकास कार्यो को इस बुक में सचित्र दर्शाया गया है।

दुनिया की पांचवी बड़ी इकोनॉमी बना भारत।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री सोमप्रकाश ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व में पांचवीं सबसे बड़ी इकोनामी में बनकर उभरा है। मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाएं चाहे स्टार्टअप इंडिया हो या आत्मनिर्भर भारत जिसके कारण आज युवा नौकरी लेने वाला नहीं नौकरी देने वाला बना है। सुरक्षा उपकरणों के क्षेत्र में भी देश आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। किसान कल्याण की योजनाओं से आज किसान आत्मनिर्भर एवं खुशहाल हुआ है। हमें गौरव होता है कि जब यूक्रेन एवं रूस के युद्ध के बीच भारतीय नागरिकों एवं छात्रों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छाशक्ति के कारण युद्ध रुकवा कर अपने देश सुरक्षित लाया जाता है। वहां की सेना भारतीय ध्वज को देखकर उन्हें सुरक्षित जाने देती है। सोम प्रकाश ने कहा कि कोरोना कॉल में सिर्फ भारत के नागरिकों को ही वैक्सीन से सुरक्षित नहीं किया गया बल्कि 100 के लगभग देशों को भी हमने वैक्सीन पहुंचा कर उनके नागरिकों की जान बचाने का कार्य भी किया है।

कांग्रेस के लिए एक परिवार देश है, जबकि बीजेपी के लिए देश परिवार है।

महाराष्ट्र के वन,सांस्कृतिक एवं मत्स्य पालन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व गौरव, देश के नायक एवं गरीबों के मसीहा हैं। उन्होंने जनता के आशीर्वाद से देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में फर्क बताते हुए मुनगंटीवार ने कहां कि कांग्रेस ने परिवार को बचाने के लिए देश छोड़ा,जबकि भारतीय जनता पार्टी में ऐसे नेता है जिन्होंने देश को बचाने के लिए घर छोड़ा है।कांग्रेस की राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है कांग्रेस में ‘इंडिया इज इंदिरा’ और ‘इंदिरा इज इंडिया’ होता है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी में ऐसा नहीं है। कांग्रेस के लिए एक परिवार ही देश है जबकि भारतीय जनता पार्टी के लिए देश ही परिवार है।2004 से 2014 तक 10 वर्षों में यूपीए सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक जैसे ठोस कदम उठाए इससे आतंकवादियों में भय बना हुआ है। मोदी ने गरीबों के लिए, किसानों के लिए, बहनों के लिए और राष्ट्र सम्मान के लिए अनेक योजनाएं बनाई है। जहां UAE जैसे देश में भगवान की तस्वीर भी नहीं लगाने की मनाही थी, आज वहां भव्य मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने तय कर दिया है कि आने वाला चुनाव प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा लेकिन विपक्ष के किसी भी दल में यह बताने का साहस नहीं है कि वे किसके चेहरे पर चुनाव लड़ेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 9 साल में 200 से ज्यादा योजनाएं बनाई। इनमें शौचालय, नल जल योजना एवं किसानों के लिए कई योजनाएं बनाई गई। डायरेक्ट बेनिफिशियरी ट्रांसफर के माध्यम से 11 करोड़ 20 लाख लोगों के खातों में योजनाओं के पैसे ट्रांसफर किए गए। आयुष्मान भारत जैसी योजना लागू की, जिस पर आज अमेरिका भी रिसर्च कर रहा है। इस योजना के तहत 50 करोड़ गरीबों को इस योजना का लाभ सुरक्षा कवच के रूप में मिला है। मंत्री मुनगंटीवार ने पत्रकारों के सवालों के भी जवाब दिए।

प्रेस वार्ता में मप्र के कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, जिला अध्यक्ष राजेश सोनकर, विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, विधायक आकाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दीपक जैन टीनू, विशेष जनसंपर्क अभियान के संयोजक कल्याण देवांग ,सहसंयोजक विजय विजवा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *