राम मंदिर निर्माण के भूमिपूजन पर बीजेपी कार्यालय में छाया उल्लास, पूजन आरती के साथ की गई आतिशबाजी

  
Last Updated:  August 5, 2020 " 08:00 pm"

इंदौर : जन-जन की आस्था के केन्द्र, सनातन संस्कृति के मूल आधार, मर्यादा पुरूषोत्तम, प्रभु श्रीराम के जन्मस्थान अयोध्या में निर्मित होने वाले भव्य श्रीराम मंदिर का शिलान्यास बुधवार (5 अगस्त) को सन्त- महात्माओं की उपस्थिति में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया।

कार्यालय में की गई आकर्षक सजावट, बांटे गए लड्डू, की गई आतिशबाजी।

स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे ऐतिहासिक दिवस के रूप में मनाया। भाजपा कार्यालय को फूलों की आकर्षक रांगोली से सजाया गया, प्रवेश द्वारों पर फूलों की आकर्षक लड़ियां व झालर बांधी गई। कार्यालय के आसपास भगवा पताकाएं लगाई गई। कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाते हुए लड्डू खिलाकर सभी का मुंह मीठा कराया। कार्यालय के बाहर रंगारंग आतिशबाजी भी की गई।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन और आरती..

श्रीराम मंदिर शिलान्यास के भव्य कार्यक्रम के समय जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं संघ प्रमुख मोहन भागवत अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का भूमिपूजन कर रहे थे, उस दौरान बीजेपी कार्यालय पर वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में 11 विद्वान ब्राम्हणों द्वारा लगातार वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया जा रहा था। पूजन के पश्चात श्रीराम, लक्ष्मण एवं सीता माता का पूजन किया गया। बाद में शंख, घड़ियाल, झांझ मंजीरे व डमरू बजाकर आरती की गई। इस ऐतिहासिक दिवस के पूरे कार्यक्रम को भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने महोत्सव के रूप में मनाया।

ताई ने बताया जन्मों की तपस्या का फल।

इस ऐतिहासिक अवसर पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि देश ही नहीं विश्व के हर एक भारतीय व लाखों- करोड़ों लोगों की कई जन्मों की तपस्या के बाद भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का शिलान्यास हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों हुआ है। ताई ने कहा कि यह केवल भूमिपूजन नहीं, जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का कार्य भी शुरू हो गया है।जो मनोभाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रकट किये हैं, वे ही भाव हम सभी भारतवासियों के हैं। श्रीराम व्यक्ति नहीं हैं। वे सतगुणों का उदाहरण हैं। मेरा दिल कैसा हो, तो श्रीराम जैसा हो। कोई भी महिला जब सोचती है कि मेरा पति कैसा हो, तो वह यही कहती है कि श्रीराम के जैसा हो। कहीं ना कहीं सतगुण विश्वास में आ जाते है। मेरा विश्वास है कि हम जब रामराज्य की कल्पना बार-बार करते थे, तो कहीं-कहीं उसकी शुरूआत होती भी है। आज मैं देश के हर एक व्यक्ति को बधाई देती हूं कि जो हमने सोचा था वो पूरा हुआ।

देश के लिए गौरव का दिन।

पूर्व सांसद कृष्णमुरारी मोघे ने कहा कि यह देश के लिये बहुत ही गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक दिन है। जिस राम मंदिर निर्माण के लिये वर्षो से संघर्ष चल रहा था, उसका न्यायालय प्रक्रिया के तहत निराकरण हुआ और भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो गया। जहां तक राम का प्रश्न है, वास्तव में देश के हर नागरिक के रोम- रोम में राम हैं। रामराज्य की जो कल्पना भगवान राम ने की थी, उन्होंने जिस प्रकार का रामराज्य दिया महात्मा गांधी ने उसको आदर्श माना। रामराज्य के बारे में कहा जाता कि वहां पर किसी भी व्यक्ति को कोई तकलीफ व समस्यां नहीं थी, व्यक्ति के संपर्क कैसे हो, परिवार में संबंध कैसे हो, परिवार व समाज का आचरण कैसा हो यहीं रामराज्य सिखाता है। उनके बताये हुए रास्ते पर हम चलें तभी रामराज्य की कल्पना साकार होगी।

राम मंदिर निर्माण का संकल्प पूरा होना अभिभूत करनेवाला पल।

नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने कहा कि प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का भूमिपूजन पीएम मोदी के हाथों सम्पन्न हुआ। हम सभी इसे देखकर अभिभूत व अनुग्रहित हैं, धन्य हैं, प्रसन्न हैं। रणदिवे के अनुसार हम भाग्यवान हैं कि अपनी आंखों से राम जन्मभूमि भूमिपूजन के स्वर्णिम पल के साक्षी बन पाए। 500 वर्ष की तपस्या पूर्ण हुई। राम मंदिर निर्माण का संकल्प आज फलीभूत होने जा रहा है।

कार्यालय पर फूलों की रंगोली सजाने का काम तुलसी प्रजापत एवं रेणुका प्रताप ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से बाबूसिंह रघुवंशी, जयपाल सिंह चावड़ा, महेन्द्र हार्डिया, सुदर्शन गुप्ता, गोपीकृष्ण नेमा, मुकेशसिंह राजावत, गणेश गोयल, घनश्याम शेर, बालकृष्ण अरोरा, अभिषेक बबलू शर्मा, जेपी मूलचंदानी, मुकेश मंगल, देवकीनंदन तिवारी, शैलजा मिश्रा, मनस्वी पाटीदार, प्रकाश राठौर, राजेश शिरोडकर, मंजूर एहमद, विनोद पारगी, विजय मालानी, निरंजनसिंह चौहान, जवाहर मंगवानी, ज्योति तोमर, कंचन गिदवानी, तुलसी प्रजापत, रेणुका प्रताप, अनिल शर्मा, नारायण पटेल, अंकित परमार, ऋषिसिंह खनूजा, गौरव परिहार, सन्नी टूटेजा, महेश बसवाल, लोकेन्द्र राठौर, मयुरेश पिंगले, निर्मल वर्मा, प्रमोद रघुवंशी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *