विहिप महामंत्री परांडे ने गौ सेवा,धर्म प्रसार रथ का किया लोकार्पण

  
Last Updated:  May 13, 2023 " 09:47 pm"

इंदौर : रीगल तिराहा स्थित प्रीतमलाल दुआ सभागृह में विहिप के केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने गौ सेवा, धर्म प्रसार रथ का लोकार्पण किया। यह रथ मुंबई की समस्त महाजन सेवा संस्था द्वारा विश्व हिंदू परिषद को प्रदान किया गया है। यह रथ पूरे मालवा प्रांत में धर्म जागरण और गौ सेवा के प्रचार प्रसार के लिए घूमेगा।

इस रथ में 6 बाय 4 फीट की एलइडी स्क्रीन, स्पीकर के साथ लगी हुई है। इस रथ के माध्यम से स्थान-स्थान पर धर्म, संस्कार, गौ माता का धार्मिक, आध्यात्मिक, वैज्ञानिक महत्व, गौ आधारित खेती और गौ सेवा से जुड़े विषयों की जानकारी दी जाएगी। रथ में एक मंदिर भी बना हुआ है, जिसमें शिवलिंग के साथ श्रीराम दरबार की मूर्ति लगी हुई है। रथ में धर्म जागरण से जुड़ी धार्मिक पुस्तकें भी रखी गई हैं, ताकि ग्राम-नगर में पुस्तकों के माध्यम से भी धर्म जागरण और सेवा के विषयों से लोगों को जोड़ा जा सके। रथ में गो उत्पाद भी रखे गए हैं जिससे अधिकतम लोगों तक वो उत्पाद पहुंच सके। रथ का डिजाइन गोल्डन कलर में किया गया है, जो कि देखने में आकर्षक लगता है।

रथ के लोकार्पण के बाद विहिप के केंद्रीय महामंत्री ने पत्रकारों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद गौ सेवा,गौरक्षा के विषय में कार्य करने वाला संगठन है, इसलिए अपनी आस्था की रक्षा हेतु तथा गौ रक्षा,गौ संवर्धन हेतु विश्व हिंदू परिषद के माध्यम से इस प्रकार के रथ देशभर में चलाए जाएंगे, इनके माध्यम से गौ उत्पाद से बनी दवाइयों के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा हिंदू हित की रक्षा करने वाले लोग ही केंद्र और राज्य में सत्ता में आने चाहिए, यदि हिंदू विरोधी लोग सत्ता में आते हैं तो उससे हिंदू समाज का नुकसान ही होगा, घर में बैठकर समाज हित की बात करने से कार्य पूरा नहीं होता। घर से बाहर निकल कर मतदान करना भी आवश्यक है, उन्होंने संपूर्ण हिंदू समाज से आग्रह किया कि मतदान करना हमारा कर्तव्य है, हमें हिंदू समाज के हित में अधिक से अधिक संख्या में मतदान करना चाहिए।

मिलिंद परांडे ने कहा कि पीएफआई जैसे संगठन से बजरंग दल जैसे राष्ट्रवादी संगठन की तुलना करना गलत है। बजरंग दल को बैन करने के विषय और कुछ राज्यों में केरला स्टोरी जैसी फिल्मों पर रोक लगाने पर उनका कहना था कि यह मुस्लिम तुष्टिकरण का उदाहरण है।इस देश का इतिहास हिंदुओं से ही जुड़ा हुआ है, इसलिए जब तक हिंदू हित के बारे में विचार किए बिना इस देश में राजनीति होगी तब तक देश का भी कल्याण नहीं हो सकता।

बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने के बयान पर मिलिंद परांडे ने आगे कहा कि बजरंग दल का जन्म ही संघर्ष में हुआ है, श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के समय बजरंग दल का जन्म हुआ और बजरंग दल संघर्षशील ही रहा है, पूर्व में भी बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाया गया था, किंतु न्यायालय द्वारा उस प्रतिबंध को हटा दिया गया। हिंदू द्वेष भावना के कारण यदि बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाया जाता है तो उसका उचित जवाब भी दिया जाएगा। हम ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। धर्म की रक्षा और देश की संस्कृति की रक्षा के लिए जो आवश्यक होगा वह हम करेंगे।

लव जिहाद के मामले में उन्होंने कहा कि लव जिहाद संपूर्ण समाज के लिए खतरा है, कुछ राजनीतिक संगठन तुष्टिकरण के चलते देश के 80% हिंदुओं के हित का विचार नहीं करते।

महामंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में भी अवैध मजारों को हटाया गया है किसी भी मजार के नीचे कोई अवशेष या प्रमाण नहीं मिले हैं। आज देश में ईसाई पादरियों के द्वारा गलत तरीके से धर्मांतरण कराया जाना, लव जिहाद जैसे विषय एवं मंदिरों पर ही सरकारी नियंत्रण होता है, किसी मस्जिद या चर्च पर कोई सरकारी नियंत्रण नहीं है। ऐसे विषय भी मीडिया के माध्यम से समाज में जाना चाहिए।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से केंद्रीय उपाध्यक्ष हुकुमचंद सावला, केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे, कार्यक्रम के अध्यक्ष पारस जैन, क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज वर्मा, प्रांत मंत्री सोहन विश्वकर्मा, उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रांत सह मंत्री दिलीप जैन ने किया, एकल गीत आरती जायसवाल ने प्रस्तुत किया। विभाग सहमंत्री संजय चौहान ने आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में विभिन्न समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *