इंदौर: बीजेपी के लोकसभा प्रत्याशी शंकर लालवानी ने आज { शनिवार } विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1से अपना जनसंपर्क प्रारम्भ कर दिया। निर्धारित समय से 1 घंटे देरी से आये लालवानी ने सिरपुर स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर में पूजा- अर्चना कर अपने जनसंपर्क अभियान का आगाज किया। पार्टी के नगर अध्यक्ष गोपी नेमा, लोकसभा संयोजक रमेश मेंदोला, विधायक महेंद्र हार्डिया,पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, महापौर कृष्णमुरारी मोघे और उमा शशि शर्मा सहित अन्य पार्टी नेता भी उनके साथ थे। पर वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन की उपस्थिति ने सबका ध्यान आकर्षित किया। बीजेपी नेतृत्व से नाराज सत्तन लंबे समय से पार्टी की गतिविधियों से दूरी बनाए हुए थे। सुमित्रा ताई को टिकट दिए जाने का वे पुरजोर विरोध भी कर रहे थे। जैसे ही ताई का टिकट कटा और लालवानी को बीजेपी का प्रत्याशी बनाया गया, सत्तन जी इसे अपनी विजय मानते हुए फिर से सक्रिय हो गए हैं। वे तो दावे से कहते भी हैं कि जिसको घर बिठाना था बिठा दिया। शंकर को विजय का न केवल उन्होंने आशीर्वाद दिया बल्कि उनके साथ जीप में सवार होकर जनसंपर्क भी किया। लगे हाथ लालवानी के 2 लाख मतों से जीतने की भविष्यवाणी भी कर दी।
बहरहाल, लवाजमें के साथ लालवानी ने क्षेत्र क्रमांक 1 के विभिन्न वार्डों में लोगों से रूबरू होकर बीजेपी को वोट देने का आग्रह किया। जगह- जगह उनका पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और उन्हें भारी बहुमत से जिताने का संकल्प लिया।
शंकर के लिए मैदान में उतरे सत्तन, किया जीत का दावा
Last Updated: April 27, 2019 " 10:27 am"
Facebook Comments









