शहरभर में छाया दीप पर्व का उल्लास, जमकर की गई विभिन्न वस्तुओं की खरीददारी

  
Last Updated:  October 22, 2022 " 08:07 pm"

इंदौर : सुख – समृद्धि, खुशी, उमंग और उल्लास के पांच दिवसीय महापर्व दीपावली का आगाज धनतेरस से हो गया है। चारों ओर उत्साह का वातावरण बना हुआ है। सारा शहर रोशनाईं से जगमगा रहा है। घर – दफ्तर, शोरूम, मॉल, बाजार सबकुछ रोशनी से दमक रहे हैं। बाजारों में जमकर खरीददारी की जा रही है। पूजन सामग्री से लेकर नए कपड़े, जूते – चप्पल, इलेक्ट्रोनिक उत्पाद, जेवरात, बर्तन, मोबाइल और वाहनों की खूब बिक्री हो रही है।

आभूषण और बर्तनों की जमकर की गई खरीददारी।

धनतेरस पर सोने – चांदी के जेवरात और नए बर्तन, शगुन के बतौर खरीदने की परंपरा रही है। इसके चलते सराफा और शहर के ज्वेलरी शोरूम्स में जेवरात खरीदने बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची। नई वैरायटी की ज्वेलरी के प्रति महिलाओं का खासा रुझान रहा। उधर बर्तन बाजार में भी खासी रौनक देखी गई। छोटी – बड़ी हार दुकान पर बर्तनों से ही सजावट की गई थी। सुबह से रात तक यहां बर्तन खरीदने हेतु लोगों का तांता लगा रहा।

राजवाड़ा क्षेत्र में उमड़ रही भारी भीड़।

राजवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में दीपावली की खरीददारी के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। यहां सैकड़ों पथ विक्रेताओं ने भी दुकानें लगाई हैं। पूजन सामग्री, धानी, बताशे, मिट्टी के दिए,झाड़ू, सजावटी सामान, हार – फूल से लेकर दीप पर्व से जुड़ी हर सामग्री की खरीददारी की जा रही है। नए कपड़े, जूते – चप्पल, इलेक्ट्रिक आइटम सहित अन्य वस्तुओं की भी खरीददारी भी जोरों पर है। शहर के मालवा मिल, पाटनीपुरा, विजय नगर, अन्नपूर्णा रोड, सिंधी कॉलोनी, छावनी आदि क्षेत्रों में भी खरीददारी के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई है। पुष्य नक्षत्र से शुरू हुआ खरीददारी का सिलसिला सतत चल रहा है। जोरदार ग्राहकी से व्यापारी वर्ग भी प्रसन्नता का अनुभव कर रहा है।

वाहनों की भी हो रही जमकर बिक्री।

दशहरा, पुष्य नक्षत्र और दीपावली पर वाहनों की खरीदी – बिक्री में भी भारी उछाल आता है। बीते पुष्य नक्षत्र वाले दिन करोड़ों के वाहनों की बिक्री हुई थी। धनतेरस पर भी यही नजारा दिखाई दिया। लोगों ने विभिन्न शो रूम्स पर अपने वाहन पहले से बुक कर लिए थे। धनतेरस पर वे पूजन कर अपने वाहन घर ले आए। एक अनुमान के अनुसार धनतेरस पर इंदौर में 2500 कारें और 5000 से अधिक दुपहिया वाहन शो रूम्स से बेचे गए।

इलेक्ट्रोनिक उत्पादों की भी जमकर हो रही खरीददारी।

शहर के एमटीएच, जेलरोड और अन्य इलेक्ट्रोनिक बाजारों में भी दीपोत्सव की रौनक छाई हुई है। टीवी, फ्रीज, वाशिंग मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की लोग जमकर खरीदी कर रहे हैं। धनतेरस पर बड़ी तादाद में इलेक्ट्रोनिक आइटम्स की बिक्री दर्ज की गई।

इस बार मिठाइयों की भी रिकॉर्ड तोड बिक्री हो रही है। हालात ये है कि कई बड़े मिठाई बनाकर बेचने वाले संस्थानों ने ऑर्डर बुकिंग बंद कर दी है। डिमांड इतनी ज्यादा है कि वे उसकी पूर्ति नहीं कर पा रहे हैं।

कुल मिलाकर दीप पर्व का उल्लास चारों ओर छाया हुआ हुआ है। रविवार को भी तिथिनुसार धनतेरस जारी रहने से होने से खरीददारी का दौर जारी रहेगा। धनतेरस के साथ नरक चतुर्दशी भी मनाई जाएगी। सोमवार, 24 अक्टूबर को रोशनाई के महापर्व का सबसे प्रमुख दिन महालक्ष्मी पूजन के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *