मल्टीलेवल कार पार्किंग को सभी शहरों को अपनाना होगा – अवस्थी।
इंदौर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा है कि देश के शहरों में बढ़ रही यातायात की समस्या का समाधान एलिवेटेड रोड के माध्यम से ही निकल सकता है। शहरों में जो पार्किंग की समस्या पैदा हो रही है, उसके निदान के लिए मल्टीलेवल कार पार्किंग को अपनाना आवश्यक है। श्री अवस्थी अभ्यास मंडल की 64वीं ग्रीष्मकालीन व्याख्यान माला को संबोधित कर रहे थे। उनका विषय था- आधुनिक शहरीकरण में ई गवर्नेंस की भूमिका। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय डिजिटलाइजेशन और तकनीक का है। हमारे देश में पिछले 10 साल में महत्वपूर्ण परिवर्तन आया है। देश की अर्थव्यवस्था विश्व में 9 वें स्थान से चौथे स्थान पर आ गई है। हमारे देश में करीब 54 करोड़ की शहरी आबादी है जो कुल आबादी का 37% है। वर्ष 2011 की जनगणना में देश में शहरी आबादी 31% थी। इससे स्पष्ट है कि 6% की आबादी गांव से शहर में आ गई। देश की जीडीपी में शहरी क्षेत्र की भागीदारी 60% है, जबकि कुल जमीन का तीन प्रतिशत हिस्सा ही शहरी क्षेत्र में है। देश में शहरीकरण के साथ औद्योगिकरण भी आवश्यक है। कृषि के क्षेत्र में आमदनी बहुत कम है।
कुंभ के आयोजन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस आयोजन पर राज्य सरकार द्वारा ₹2500 करोड रुपए खर्च किए गए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से कुंभ में क्राउड मैनेजमेंट किया गया।
उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कहीं भी कोई फाइल कागजों पर नहीं चलती है। हर फाइल ई फाइल के रूप में ही बनती है और आगे बढ़ती है। उत्तर प्रदेश में हर शहर में इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, स्मार्ट क्लासेस बनाई गई है। हर व्यापारी के लिए अपने संस्थान पर सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य किया गया है। इसके माध्यम से क्राइम की घटनाओं को सुलझाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन, इंग्लैंड में सारी सुविधा मिलती है लेकिन हर सुविधा का शुल्क चुकाना पड़ता है। हमारे देश में तो सरकार, शहरी निकायों को चलाती है। हमने अपने प्रदेश में हर निकाय में जीआईएस मैपिंग की है जिसके माध्यम से नगरीय निकायों का रिवेन्यू कलेक्शन 1 साल में तीन गुना बढ़ गया है। नगरीय निकाय में जितना ज्यादा राजस्व अर्जित होगा उतनी ही स्थिति मजबूत होगी। उत्तर प्रदेश में नगरीय निकाय की 99% सेवाएं ऑनलाइन है। हमारे यहां पर सैटेलाइट इमेज के माध्यम से रोड की डिजाइन तैयार की जाती है।
अवस्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा यह निश्चित किया गया है कि अगले 5 साल में हमें इस तरह से काम करना चाहिए जिससे पूरे प्रदेश में एक भी व्यक्ति गरीबी की रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाला नहीं हो। उन्होंने कहा कि इस समय कई शहरों में कार पार्किंग की समस्या सामने आती है। इस समस्या का एकमात्र समाधान मल्टीलेवल पार्किंग है। अयोध्या में जब यह समस्या सामने आने लगी तो हमने वहां पर 6 मल्टी लेवल पार्किंग बनवाएं। शहरों में यातायात की समस्या की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस समस्या का समाधान एलिवेटेड रोड है। जहां पर सड़क का चौडी करण संभव नहीं है, नहीं किया जा सकता है, वहां यातायात सुचारू रूप से चलाने के लिए एलिवेटेड रोड बनाए जाना चाहिए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत संपत झंवर, शरद सोमपुरकर, द्वारका मालवीय ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन अजीत सिंह नारंग ने किया। कार्यक्रम का संचालन अशोक कोठारी ने किया। अतिथि को स्मृति चिन्ह पद्मश्री भालू मोंडे और हंसमुख गांधी ने भेंट किया।
आज का व्याख्यान :-
अभ्यास मंडल के अध्यक्ष रामेश्वर गुप्ता ने बताया कि मंगलवार, 13 मई को शाम 6:30 बजे पद्म भूषण डॉ. अनिल काकोडकर का व्याख्यान होगा। वे एटॉमिक एनर्जी कमीशन ऑफ़ इंडिया मुंबई के अध्यक्ष है। उनका विषय है- मेरे सपनों का विकसित भारत। यह व्याख्यान जाल सभागृह में होगा।