शिवाजी जयंती पर निकली शोभायात्रा और वाहन रैली, किया गया नमन

  
Last Updated:  February 19, 2020 " 02:37 pm"

इंदौर : हिन्दवी स्वराज्य के संस्थापक और राष्ट्र के गौरव छत्रपति शिवाजी महाराज की 390वीं जयंती बुधवार को जोश-खरोश के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सर्व मराठी भाषी सोशल एवं कल्चरर सोसायटी के बैनर तले तीन पुलिया स्थित जीजा माता चौराहा से सुबह 8 बजे शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई नेहरू स्टेडियम के पास स्थित शिवाजी प्रतिमा पहुंची। यहां महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। यात्रा में शामिल महिला और पुरुष परम्परागत वेशभूषा धारण किये हुए थे। वहीं युवा भगवा ध्वज लिए “जय शिवाजी जय भवानी’ का जयघोष कर रहे थे। शोभायात्रा में श्रीस्वर ध्वज समूह ढोल-ताशे के बीच प्रस्तुति देते चल रहा था।

शिवाजी जयंती उत्सव यात्रा निकली।

मराठी भाषी सोशल ग्रुप एवं धर्म जागरण समिति की अगुवाई में फूटी कोठी से रणजीत हनुमान मंदिर तक शिवाजी जयंती उत्सव यात्रा निकाली गई। संस्था अध्यक्ष रवि पंवार व सचिव सुभाष देशमुख ने बताया कि संत समाज सहित बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए।

महिलाएं बनी वीरांगना।

शिवाजी महाराज की जयंती पर क्षत्रिय मराठा नवनिर्माण सेना द्वारा वाहन रैली सुखलिया स्थित लवकुश आवास विहार से निकाली गई। महाराष्ट्रीयन समाज द्वारा निकाली गई इस वाहन रैली में समाजबंधु महापुरुषों एवं महिलाएं-युवतियां वीरांगनाओं की वेशभूषा में हाथों में तलवार लिए शामिल हुईं। वहीं युवा भगवा ध्वज लिए जय शिवाजी जय भवानी के नारे लगाते चल रहे थे। विभिन्न मार्गों से होते हुए वाहन रैली नेहरू स्टेडियम के समीप स्थित शिवाजी प्रतिमा स्थल पहुंची जहां प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शिवाजी महाराज को नमन किया गया और उनके बताए रास्ते पर चलने की शपथ ली गई।
शिवाजी जयंती पर कई विशिष्टजन और जनप्रतिनिधियों ने भी शिवाजी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

चार दिवसीय शिवाजी जयंती समारोह प्रारंभ।

सार्वजनिक छत्रपति शिवाजी जयंती समारोह समिति द्वारा चार दिनी छत्रपति शिवाजी जयंती समारोह बुधवार सुबह 8 बजे एबी रोड स्थित शिवाजी महाराज प्रतिमा स्थल पर शुरू हुआ। संयोजक मनोहर पवार ने बताया कि 20 फरवरी को छत्रपति शिवाजी पब्लिक स्कूल उषा नगर में देशभक्ति गीतों का कार्यक्रम होगा।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *