बीजेपी प्रवक्ता उमेश शर्मा का निधन, मुख्यमंत्री सहित तमाम नेताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

  
Last Updated:  September 12, 2022 " 12:47 am"

इंदौर : बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता, प्रखर वक्ता उमेश शर्मा का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। गुजरात में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन्हें मप्र की सीमा से लगे जिलों में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वे शनिवार रात ही गुजरात से लौटे थे। रविवार सुबह सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें रॉबर्ट नर्सिंग होम में भर्ती किया गया था, जहां देर शाम उनका देहांत हो गया। उनके निधन की खबर सुनकर बीजेपी के तमाम नेता, मित्र, परिचित सकते में आ गए। किसी को भरोसा ही नहीं हो रहा था कि उमेश शर्मा एकाएक इस तरह चले जाएंगे। कैलाश विजयवर्गीय और उनके विधायक पुत्र आकाश विजयवर्गीय उमेश शर्मा के निधन का समाचार मिलते ही अस्पताल पहुंच गए थे। उन्होंने स्व. शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को सांत्वना दी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अस्पताल पहुंचकर अर्पित किए श्रद्धासुमन।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखित पुस्तक का अनावरण करने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह इंदौर आए हुए थे। ब्रिलियंट कन्वेंशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ही उमेश शर्मा के देवलोकगमन की खबर आई। तत्काल उन्हें इस दुखद खबर से अवगत गया। कार्यक्रम खत्म होते ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह तत्काल राबर्ट नर्सिंग होम पहुंचे। यहां उन्होंने उमेश शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने पार्थिव देह पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

उमेश शर्मा ने पूरा जीवन पार्टी को समर्पित किया।

मुख्यमंत्री चौहान ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा “उमेश शर्मा का जाना वज्रपात है। हम सभी के लिए यह अकल्पनीय है। मुझे उम्मीद थी कि आज हम फिर मिलेंगे। कल ही वह गुजरात से लौटे थे। पार्टी ने उन्हें जिम्मेदारी दी थी। आज बिना कुछ बताए हम सब को छोड़कर वह चले गए। वे ओजस्वी वक्ता,कुशल संगठक थे। पूरा जीवन उन्होंने पार्टी को समर्पित किया। ऐसे साथी को खोकर पूरा इंदौर दु:खी है। पूरे प्रदेश के BJP कार्यकर्ता दु:खी है। जो आता है,उसे जाना है लेकिन कोई ऐसे असमय जाता है,तो वह मन में गहरी वेदना छोड़कर जाता है। हम उनकी कमी कभी पूरी नहीं कर सकते।उनके परिवार के साथ हम खड़े हैं।”

मुख्यमंत्री चौहान के साथ जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी थे। उन्होंने भी उमेश शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

जूनी इंदौर मुक्ति धाम में होगा अंतिम संस्कार।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक स्व. उमेश शर्मा की शवयात्रा उनके निवास शंकरबाग छावनी से दोपहर 12.30 बजे जूनी इंदौर मुक्तिधाम जाएगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *