संविधान को खत्म करना चाहते हैं बीजेपी – आरएसएस : राहुल गांधी

  
Last Updated:  January 28, 2025 " 12:11 am"

महू में कांग्रेस की जय बापू-जय भीम-जय-संविधान रैली में पहुंचे प्रदेशभर के हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता।

संविधान खत्म हो गया तो कुछ नहीं बचेगा : राहुल गांधी।

2028 में निश्चित तौर पर मप्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी: जितेन्द्र सिंह।

इंदौर : डॉ. बाबा साहब अंबेडकर नगर महू में आयोजित कांग्रेस की जय बापू, जय भीम, जय संविधान रैली में प्रदेशभर से आए हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता और नेताओं ने भाग लिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवेंथ रेड्डी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखवीर सिँह, जय राम रमेश, केसी वेणुगोपल सहित कई वरिष्ठ नेता भी रैली में शामिल हुए। रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने आरएसएस – बीजेपी पर जमकर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वो संविधान को खत्म करना चाहते हैं। बाबा साहब अंबेडकर, महात्मा गांधी और नेहरू जैसा बनकर संविधान की रक्षा करने का देश की जनता से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि यह रैली संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदुस्तान में विचारधारा की लड़ाई चल रही है, एक तरफ कांग्रेस है जो संविधान को मानती हैं तो दूसरी तरफ आरएसएस और बीजेपी है जो संविधान के खिलाफ हैं और इसको खत्म करना चाहते हैं।


राहुल गांधी ने कहा कि संविधान से पहले गरीबों और आदिवासियों के पास कोई अधिकार नहीं थे। बीजेपी और आरएसएस आजादी से पहले जो स्थिति थी, वैसा ही भारत बनाना चाहते हैं। गरीब भूखे मर जाएं, वे लोग कोई सपना नहीं देखें। हिंदुस्तान को सिर्फ अरबपति चलाएं और सारे कॉन्ट्रैक्ट उनके हाथ में चले जाएं। संविधान को लेकर हमारी लड़ाई आरएसएस और बीजेपी के लोगों से है। अंबानी की शादी पर भी इशारों-इशारों में उन्होंने निशाना साधा उन्होंने कहा कि इनकी शादियों में अरबों रुपए खर्च हो रहे हैं। इसके साथ ही इनके बच्चे 10 करोड़ और 12 करोड़ रुपए की घड़ी पहन रहे हैं। अडानी को एयरपोर्ट और पोर्ट का कॉन्ट्रैक्ट मिल जा रहा है।पहले आरएसएस के मोहन भागवत ने कहा कि हिंदुस्तान को 15 अगस्त 1947 में आजादी नहीं मिली बल्कि मोदी जी के आने के बाद मिली। राहुल गांधी ने राम मंदिर के लोकार्पण को लेकर कहा कि उद्घाटन में किसी गरीब को आपने देखा क्या? राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इन्होंने मंदिर के उद्घाटन में नहीं जाने दिया। इसके साथ ही संसद भवन के उद्घाटन में भी राष्ट्रपति को नहीं बुलाया गया। प्राइवेट कंपनियों और सरकारी नौकरी में ओबीसी और दलितों की मौजूदगी नहीं है। सारा धन अंबानी और अडानी को दिया जा रहा है।


राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली या मध्य प्रदेश में हमारी सरकार आएगी तो हम जातिगत जनगणना शुरू कर देंगे। तेलंगाना में हमने जातीय जनगणना शुरू कर दी है, इससे हमें जातियों की संख्या पता चल जाएगी। साथ ही यह क्रांतिकारी निर्णय होगा। राहुल गांधी ने कहा कि हम पूरे देश में जातीय जनगणना करेंगे। इससे हम यह पता लगाएंगे कि बड़े यूनिवर्सिटी और बड़े बिजनेस किनके हाथों में हैं। नरेंद्र मोदी इससे डरते हैं। उन्होंने कहा कि हम रिजर्वेशन को 50 फीसदी से ज्यादा करेंगे।
अभा कांग्रेस के महासचिव मप्र प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा देश का संविधान समाप्त करना चाहती है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह मजबूत है और 2028 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार निश्चित तौर पर बनेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश में कर्ज, क्राइम, करप्शन और कमीशन की सरकार चल रही हैं। प्रदेश के पर्ची वाले मुख्यमंत्री के राज में माफिया हावी है, शिक्षा, चिकित्सा, भू माफिया, शराब माफिया पनप रहे हैं। एक छोटे से आरक्षक के पास 50-50 किलो सोना मिल रहा है। किसानों, महिलाओं, युवाओं के साथ भाजपा छलावा कर रही है, विधानसभा चुनाव में इनसे किये हर वादे को सरकार भूल गई। जितने वादे किये उनमें से एक भी वादा मप्र सरकार ने पूरा नहीं किया। संविधान और बाबा साहेब का अपमान भाजपा हमेशा से करती आ रही है। अभी हाल ही में विजयपुर और बुधनी के मतदाताओं ने भाजपा को सबक सिखाया है। भाजपा का असली चाल चरित्र और चेहरा उजागर होता जा रहा है।


पटवारी ने राहुल गांधी से माफी मांगते हुये कहा कि मप्र में लोकसभा में हम अच्छा नहीं कर पाए, लेकिन हम आपको भरोसा दिलाते हैं कि कांग्रेस का वैभव मध्यप्रदेश में फिर से लौटाएंगे। पटवारी ने कहा की भाजपा सरकार ने पूरा सरकारी तंत्र झोंक दिया इस आयोजन को नाकाम करने के लिए पर बाबा साहब के अनुयायियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओ को रोक नहीं पाए हज़ारो की संख्या मे उमड़ा जन समहू इस बात का परिचय है की इस बार मध्यप्रदेश की जनता भाजपा की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेकेगी।

मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मप्र में जनता की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ी जाएगी। भाजपा सदन में विपक्ष के सवालों का जबाव देने से बचती है। इससे साफ है कि भाजपा जनता को भ्रमित कर जनता को लूटने का काम कर रही है।बीजेपी दलितों और आदिवासियों का अपमान करने वाली पार्टी है, इसलिए यह देश को कभी एक नहीं कर सकती। कांग्रेस पार्टी हमेशा से देश को जोड़ने की बात करती रही है। 2028 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।


इस अवसर पर अभा कांग्रेस/ प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारीगण, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, कमलनाथ, कांतिलाल भूरिया, अरूण यादव, अजय सिंह राहुल भैया, मुकेश नायक सहित प्रदेश के सभी कांग्रेस के पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, विधायकगण, पूर्व विधायकगण, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्तागण, ब्लाक अध्यक्ष, मण्डलम सेकटरों के अध्यक्ष सहित प्रदेश भर से आये कांग्रेसजन और अंबेडकर को मानने वाले उनके अनुयायी मौजूद रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *