समाज की वेदनाओं का प्रवक्ता होता है पत्रकार, इंदौर प्रेस क्लब के कार्यक्रम में बोले विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम

  
Last Updated:  November 14, 2021 " 06:36 pm"

इंदौर प्रेस क्लब का परिसंवाद और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम सम्पन्न।

स्व. प्रभाष जोशी स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार, गोपीकृष्ण गुप्ता स्मृति श्रेष्ठ रिपोर्टिंग स्पर्धा पुरस्कार एवं लक्ष्मणसिंह गौड़ स्मृति श्रेष्ठ फोटोग्राफी स्पर्धा के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत।

इंदौर : ईश्वर ने पत्रकारों को अभिव्यक्ति की विशेष क्षमता दी है। वे समाज की वेदनाओं के प्रवक्ता होते हैं और परकाया में प्रवेश कर खबरें लिखते हैं। पत्रकारों को चाहिए कि वे नकारात्मकता की बजाय समाज की सकारात्मक खबरों को अधिक लिखें, क्योंकि सौ बुझे हुए दिए से बेहतर है एक जलता हुआ दिया, जो रोशनी फैलाता है।
यह बात म.प्र. विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने कही। वे इंदौर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह एवं ‘वक्त की कसौटी पर मीडिया की विश्वसनीयता’ विषय पर आयोजित परिसंवाद में बोल रहे थे।

पत्रकार समाज को दिशा देने का काम करता है।

श्री गौतम ने कहा कि सनातन संस्कृति में समाज का पहला पत्रकार नारद जी को माना गया है, क्योंकि वे पूरे ब्रह्मांड की खबरें लाते थे। दुर्भाग्य से आज अखबार ग्राहक के लिए निकलता है, पाठक के लिए नहीं। पत्रकार वो है जो समाज को दिशा देने का कार्य करता है, जो स्वयं तपता है और दूसरों को निखारता है। पत्रकार समाज को आइना दिखाने का काम करता है।
विधानसभा अध्यक्ष गौतम ने कहा कि सूरज की तेज तपन से व्यक्ति बीमार पड़ जाता है, उसी सूर्य के तेज को सहेज लें तो सौर ऊर्जा निर्मित हो जाती है। ऊर्जा के इसी सकारात्मक सोच को अपनाकर हमें समाज की भलाई के बारे में विचार करना होगा।

विश्वसनीयता की कसौटी पर खरा उतरा है मीडिया।

कार्यक्रम का विषय प्रवर्तन करते हुए वरिष्ठ पत्रकार जयदीप कर्णिक ने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता को हमेशा कसौटी पर परखा गया है और यह क्रम आज तक बरकरार है। अगर हम कोरोना के पिछले 19 महीनों को भी देखें तो देश में सर्वाधिक सेमिनार, वेबिनार, परिसंवाद, कार्यशाला आदि आयोजन पत्रकारिता की विश्वसनीयता विषय पर ही हुए हैं। पत्रकार जगत ही ऐसा है जो समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के साथ-साथ स्वयं अपना भी मूल्यांकन करता है। और इस तरह के आयोजन कर वह स्वयं को समाज की कसौटी पर कसने की प्रतिबद्धता दिखाता है। उन्होंने आगे कहा कि इंदौर भारतीय पत्रकारिता की सबसे बड़ी नर्सरी है। यहां देश के दिग्गज और मूर्धन्य पत्रकार हुए हैं, जिन्होंने भाषाई पत्रकारिता के संस्कार समाज के सामने रखे। यहां की पत्रकारिता से जो आवाज निकलती है उसे पूरा देश गंभीरता से लेता है। कोरोना काल में भी यहां के समाचार पत्रों सहित इंदौर प्रेस क्लब ने संवेदना को दिखाते हुए सामाजिक सरोकार के साथ जो प्रतिबद्धता दिखाई, वह पूरे देश के लिए अनूठी मिसाल है, जिसमें पत्रकारिता से अधिक मानवीयता और संवेदनाएं थी। श्री कर्णिक ने कहा कि वर्तमान पत्रकारिता प्रिंट मीडिया से बढ़कर डिजिटल और सोशल मीडिया तक पहुंच गई है, जिसमें अंतर करना जरूरी है। प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता और वैधता आज भी बरकरार है। उन्होंने कहा कि कुछ उद्योगपति केवल सोशल मीडिया के आधार पर पत्रकारिता कर रहे हैं और उन्हें लगता है कि वे इसके माध्यम से अपने एजेंडे को समाज में चला सकते हैं।

स्मार्ट सिटी में तब्दील हो रहे शहर को जनता के समक्ष लाया मीडिया।

पूर्व महापौर एवं विधायक मालिनी गौड़ ने कहा कि स्मार्ट सिटी के लिए बढ़ रहे शहर की स्थिति को जनता के सामने लाने में मीडिया की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण रही है। यह भूमिका आगे भी बरकरार रहेगी, इसका मुझे विश्वास है। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी।

विधायक आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर की पत्रकारिता का देश में नाम है और यहां के पत्रकार पूरी हिम्मत और मानवीयता के साथ कार्य करते हैं। यहां के अखबार भी अच्छे समाचार के साथ संस्कार देने का भी कार्य कर रहे हैं।

इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि प्रेस क्लब भाषाई पत्रकारिता के संस्कारों को आगे बढ़ाते हुए लगातार कार्य कर रहा है। इसके चलते उसे समाज के सभी वर्गों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। इसका उदाहरण कोरोना काल में इंदौर प्रेस क्लब को मिला समाज का सहयोग है। कोरोना काल में इंदौर प्रेस क्लब ने अपने मीडिया के साथियों की भरपूर मदद की।
कार्यक्रम में प्रभाष जोशी स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार, गोपीकृष्ण गुप्ता श्रेष्ठ रिपोर्टिंग स्पर्धा पुरस्कार और लक्ष्मणसिंह गौड़ स्मृति श्रेष्ठ फोटोग्राफी स्पर्धा के पुरस्कारों के विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मान पत्र और नकद राशि देकर पुरस्कृत किया गया।

अतिथियों का स्वागत प्रेस क्लब महासचिव हेमंत शर्मा, उपाध्यक्ष दीपक कर्दम, सचिव अभिषेक मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, कार्यकारिणी सदस्य अभय तिवारी, राहुल वावीकर, महिला प्रतिनिधि प्रियंका पांडे ने किया। अतिथियों को प्रतीक चिह्न शैलेष पाठक, प्रवीण बरनाले और ललिता गौड़ ने प्रदान किए।

अष्ठाना, जोशी का सम्मान।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष कृष्णकुमार अष्ठाना और सतीश जोशी का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब उपाध्यक्ष प्रदीप जोशी ने किया और आभार हेमंत शर्मा ने माना।

कार्यक्रम में राष्ट्रकवि सत्यनारायण सत्तन, पद्मश्री भालू मोंढे, शहरकाजी डॉ. इशरत अली, अभ्यास मंडल के अध्यक्ष रामेश्वर गुप्ता, शिवाजी मोहिते, संस्था सेवा सुरभि के अध्यक्ष ओमप्रकाश नरेडा, वरिष्ठ पत्रकार श्रवण गर्ग, नीलमेघ चतुर्वेदी, क्रांति चतुर्वेदी, प्रकाश हिंदुस्तानी, रमण रावल, प्रवीण शर्मा, संजय लुणावत, ललित उपमन्यु, रामप्रकाश शर्मा, वरिष्ठ साहित्यकार हरेराम बाजपेयी, डीएवीवी पत्रकारिता विभाग की एचओडी डॉ. सोनाली नरगुंदे, रिटायर्ड डीआईजी धर्मेन्द्र चौधरी, अपर कलेक्टर अजय देव शर्मा, अजय चौरडिय़ा, भाजपा प्रदेश सह प्रवक्ता दीपक जैन टीनू एवं डॉ. दिव्या गुप्ता, भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी देवकीनंदन तिवारी, मुकेश तिवारी, मनीष उपाध्याय, सुनील जोशी, राजेश राठौर, राजेश ज्वेल, अनिल त्यागी, किरण वाईकर, दिलीप लोकरे, प्रदीप मिश्रा, हर्षवर्धन प्रकाश, राजू खान, समाजसेवी अजय शारडा, समाजसेवी लक्ष्मीनारायण कसेरा, किशोर कोडवानी, मदनलाल दुबे, प्रवीण जोशी, राजेंद्र कोपरगांवकर, महेश मिश्रा, ओमप्रकाश फरकिया, मनीष काले, गजेंद्र नागर, अनिल शुक्ला, चंदू जैन, राजू रायकवार, बृजेंद्रसिंह झाला, अमित जलधारी, पंकज शर्मा, लोकेंद्र थनवार, अभिषेक रघुवंशी, प्रकाश तिवारी, रवि सिसौदिया, मार्टिन पिंटो, सुधाकर सिंह, अभिषेक दुबे, अजहर पटेल बाघेला के साथ ही विजेता प्रतिभागियों के परिजन उपस्थित थे, इसके अलावा स्व. गोपीकृष्ण गुप्ता की धर्मपत्नी एवं परिजन विशेष रूप से उपस्थित थे।

इनका मिला सहयोग।

इंदौर प्रेस क्लब के सम्मानित सदस्यों ने अपने परिजनों एवं संस्थानों के नाम पर पुरस्कार राशि में सहयोग प्रदान किया। प्रेस क्लब के पूर्व उपाध्यक्ष संजय लुणावत, विनोद खुजनेरी, वरिष्ठ पत्रकार क्रांति चतुर्वेदी, रामप्रकाश शर्मा, बलराम अवस्थी, दैनिक दोपहर परिवार एवं दैनिक बलवास टाइम्स परिवार ने पुरस्कार की राशि के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया। लक्ष्मणसिंह गौड़ स्मृति फोटोग्राफी स्पर्धा के पुरस्कार की राशि पूर्व महापौर एवं विधायक मालिनी गौड़ की ओर से प्रदान की गई। प्रेस क्लब अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

ये प्रतिभागी हुए सम्मानित।

प्रभाष जोशी स्मृति रिपोर्टिंग पुरस्कार।

प्रथम पुरस्कार संजय गुप्ता (दैनिक भास्कर), द्वितीय पुरस्कार कमलेश्वरसिंह सिसोदिया (अग्निबाण) व राजीव श्रीवास्तव (दोपहर), तृतीय पुरस्कार सुनील तिवारी (दैनिक भास्कर, मांडू), श्वेता शर्मा (गुड इवनिंग) व अश्विन बक्षी (नई दुनिया), चार विशेष पुरस्कार प्रदीप जोशी (दैनिक जागरण), भूपेन्द्र सिंह (पत्रिका), जितेन्द्र जाखेटिया (सा. इंदौर लाइव) और विकास मिश्रा (पत्रिका) को दिए गए।

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया :

प्रथम पुरस्कार अरुण त्रिवेदी (न्यूज-18), द्वितीय पुरस्कार महेन्द्रसिंह सोनगिरा (एमपी न्यूज) और तृतीय पुरस्कार संजय लाहोटी (लाइव विद लाहोटी)

गोपीकृष्ण गुप्ता स्मृति श्रेष्ठ रिपोर्टिंग स्पर्धा :

प्रथम पुरस्कार नीता सिसौदिया (दैनिक भास्कर), उत्तम राठौर (पत्रिका) एवं राहुल दुबे (दैनिक भास्कर) संयुक्त रूप से द्वितीय पुरस्कार के लिए चुने गए। तृतीय पुरस्कार हर्षलसिंह राठौर (नईदुनिया) को मिला। तीन विशेष पुरस्कारों से हरिनारायण शर्मा (दैनिक भास्कर), निलेश राठौर (अग्निबाण) और राहुल दवे (पत्रिका) को नवाजा गया।

लक्ष्मणसिंह गौड़ स्मृति श्रेष्ठ फोटोग्राफी पुरस्कार :

विषय – स्मार्ट सिटी :

प्रथम पुरस्कार निलेश होलकर, द्वितीय ओ.पी. सोनी और तृतीय पुरस्कार राजू पंवार को दिया गया। तीन विशेष पुरस्कार धर्मेन्द्र सिंह चौहान, विशाल चौधरी और दीपक जैन को दिए गए।

विषय – ग्रामीण पर्यटन :

प्रथम पुरस्कार प्रफुल्ल चौरसिया (आशु), द्वितीय गोपाल वर्मा और तृतीय पुरस्कार जयेश मालवीय को दिया गया। तीन विशेष पुरस्कार दीपक चौरसिया पटेल, राजकुमार वर्मा, विपिन शर्मा और दिनेश सिंह ठाकुर को दिए गए।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *