स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण : पश्चिम जोन में मप्र को मिला पहला स्थान
Last Updated: September 22, 2022 " 11:17 pm"
जिलों की श्रेणी में इंदौर जिले ने पश्चिम जोन में प्राप्त किया तीसरा स्थान।
स्वच्छ भारत दिवस पर राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू द्वारा प्रदान किए जाएंगे पुरस्कार।
इंदौर : जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 02 अक्टूबर 2022 को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित समारोह में स्वच्छ भारत पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। यह समारोह राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित किया जाएगा। समारोह में स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, जिलों, ब्लॉक आदि को स्वच्छ भारत पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
पश्चिम जोन में मप्र को मिला पहला स्थान।
प्राप्त जानकारी अनुसार स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले पश्चिम जोन के राज्यों में मध्य प्रदेश को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इसी तरह जिलों की श्रेणी में पश्चिम जोन में प्रथम स्थान भोपाल जिले एवं तीसरा स्थान इंदौर जिले को प्राप्त हुआ है। सुजलाम 1.0 कैम्पेन में मध्यप्रदेश को पहला और सुजलाम 2.0 कैम्पेन में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है।