27 जनवरी को महू में कांग्रेस की विशाल रैली को संबोधित करेंगे राहुल गांधी

  
Last Updated:  January 22, 2025 " 11:58 pm"

सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे सहित अन्य नेता भी करेंगे रैली में शिरकत।

प्रदेशभर से करीब 02 लाख कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में भाग लेंगे।

जय बापू, जय भीम और जय संविधान अभियान का होगा समापन।

पत्रकार वार्ता में विधायक विक्रांत भूरिया ने दी जानकारी।

इंदौर : कांग्रेस के जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान का समापन 27 जनवरी को महू में होने जा रहा है।इस अवसर पर महू में ही विशाल रैली का आयोजन किया गया है, जिसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित पार्टी के कई राष्ट्रीय व प्रादेशिक नेता शामिल होकर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। प्रदेशभर से करीब 02 लाख कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में भाग लेंगे।

ये जानकारी इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में विधायक विक्रांत भूरिया ने दी। उन्होंने बताया कि रैली को लेकर कांग्रेसजनों में भारी उत्साह है। प्रदेश के कोने – कोने से बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता महू पहुंचकर रैली में शामिल होंगे। पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे विमान से इंदौर आकर हेलीकॉप्टर से महू पहुंचेंगे। वहां वे पहले बाबासाहब के स्मारक पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद स्थानीय दशहरा मैदान पहुंचकर विशाल रैली को संबोधित करेंगे।

बीजेपी कर रही बाबासाहब और संविधान का अपमान।

विक्रांत भूरिया ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के अन्य नेता लगातार बाबासाहब और संविधान का अपमान कर रहे हैं। संविधान के साथ छेड़छाड़ कर बीजेपी आरक्षण को खत्म करना चाहती है। बीजेपी के राज में दलित, आदिवासी और पिछड़ों पर अत्याचार बढ़ गए हैं। निजीकरण को बढ़ावा देकर मोदी सरकार युवाओं से रोजगार के अवसर छीन रही है।

अमित शाह से माफी मंगवाएं कैलाश विजयवर्गीय।

विधायक भूरिया ने कैलाश विजयवर्गीय के राहुल गांधी द्वारा माफी मांगे जाने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि विजयवर्गीय में नैतिक साहस हो तो वे संसद में गृहमंत्री अमित शाह द्वारा बाबासाहब के किए गए अपमान को लेकर उनसे देश की जनता से माफी मांगने का आग्रह करके दिखाएं।

राहुल गांधी ने संविधान की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की है।

विधायक भूरिया ने दावा किया कि राहुल गांधी ने संविधान की रक्षा व उसके सम्मान का बीड़ा उठाया है। उन्होंने देश की जनता के हक की लड़ाई को संसद से सड़क तक लड़ने के लिए अपनी आवाज बुलंद की है।

पत्रकार वार्ता में विधायक विक्रांत भूरिया के साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा, प्रदेश प्रवक्ता संतोष सिंह गौतम व नीलाभ शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी और नेता उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *