इंदौर : पत्रकारों की प्रतिनिधि संस्था इंदौर प्रेस क्लब के चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है।दो पैनल मैदान में होने से मुकाबला रोचक हो गया है। सारे शहर खासकर बुद्धिजीवियों की नजरें प्रेस क्लब के चुनाव पर लगी हैं।बताया जाता है कि कुल 1185 मतदाता 8 मार्च को मतदान के जरिये क्लब के नए पदाधिकारी और कार्यकारिणी का चुनाव करेंगे।
दोनों पैनलों से दिग्गज प्रत्याशी आजमां रहे हैं किस्मत।
प्रेस क्लब के चुनाव में नवनीत शुक्ला की अगुवाई वाली मां सरस्वती समूह पैनल और अरविंद तिवारी की मां सरस्वती पत्रकार समूह पैनल आमने- सामने हैं। नवनीत शुक्ला की पैनल को पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल का समर्थन प्राप्त है। अध्यक्ष पद पर नवनीत शुक्ला और अरविंद तिवारी के बीच सीधा मुकाबला है। नवनीत जी दैनिक दोपहर के प्रबंध सम्पादक होने के साथ तीन दशकों से भी अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे प्रेस क्लब के महासचिव हैं। अरविंद तिवारी भी किसी मायने कम नहीं हैं।नईदुनिया, दैनिक भास्कर सहित अन्य बड़े अखबारों में राजनीतिक विश्लेषक के बतौर काम करते हुए उन्होंने अपनी पहचान बनाई है। वे भी तीन दशक से ज्यादा समय से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं। फिलहाल वे दैनिक प्रजातंत्र में राजनीतिक संवाददाता के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। अरविंदजी वर्तमान में प्रेस क्लब के अध्यक्ष हैं और दुबारा इसी पद पर अपनी किस्मत आजमाने उतरे हैं।
महासचिव पद पर कीर्ति राणा और हेमंत शर्मा के बीच होगी भिड़ंत।
प्रेस क्लब के चुनाव में दूसरे महत्वपूर्ण पद महासचिव के लिए भी दो दिग्गज आमने- सामने हैं। पत्रकारिता के अनुभव के मामले में कीर्ति राणा, हेमंत शर्मा पर भारी पड़ते हैं। फील्ड में भी वे सक्रिय रहते हैं। पूर्व में प्रेस क्लब के वे सचिव भी रह चुके हैं। क्लब के पुराने सदस्यों में उनकी अच्छी पैठ है।हालांकि बीते कुछ वर्ष उनके इंदौर से बाहर गुजरे हैं पर इंदौर वापस आते ही उनकी वही सक्रियता फिर नजर आने लगी है जिसके लिए वे शहर में जाने जाते हैं। कीर्ति राणा के सामने डटे हेमंत शर्मा के नाम प्रेस क्लब के सचिव पद पर सबसे ज्यादा मतों से जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है। ओटीजी चैनल से अपनी पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले हेमंत शर्मा बरसों से एनडीटीवी के इंदौर ब्यूरो की कमान सम्भाले हुए हैं। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की जानी- पहचानी हस्ती होने के साथ प्रिंट और डिजिटल मीडिया में भी वे खासा दखल रखते हैं। हेमंत शर्मा की सबसे बड़ी खूबी है साथियों के जन्मदिन याद रखना और उसका प्रचार- प्रसार करना। खुशियां बांटने की यही खूबी उन्हें औरों से अलग करती है। ऐसे में लगता यही है कि महासचिव पद पर एक- एक वोट के लिए जंगी मुकाबला देखने को मिलेगा।
उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए 5 प्रत्याशी।
उपाध्यक्ष के दो पदों पर अरविंद तिवारी की पैनल से प्रदीप जोशी और दीपक कर्दम चुनाव मैदान में हैं। वहीं नवनीत शुक्ला की पैनल से संजय लाहोटी और विकास दवे किस्मत आजमा रहे हैं। ठाकुर भारती निर्दलीय प्रत्याशी के बतौर चुनाव लड़ रहे हैं। प्रदीप जोशी प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का जाना माना चेहरा हैं। इंदौर में गृह निर्माण सहकारी संस्थाओं में हुई जमीनों की बंदरबाट को उजागर करने में उनकी बड़ी भूमिका रही है। दीपक कर्दम एक ऐसे व्यक्ति हैं जो युवा होने के साथ पत्रकार साथियों की मदद के लिए हरदम तैयार रहते हैं। बीते 9 वर्षों से वे मीडिया कर्मियों के लिए क्रिकेट टूर्नामेन्ट करवा रहे हैं। शहर के साथ बाहर से भी मीडिया संस्थानों की टीमें इस टूर्नामेंट में भाग लेती हैं। उधर मुकाबले में खड़े संजय लाहोटी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की इंदौर में शुरुआत से ही इसका हिस्सा रहे हैं।फील्ड पत्रकारिता में दो दशक से भी ज्यादा समय से सक्रिय संजय लाहोटी पूर्व में प्रेस क्लब के सचिव रह चुके हैं।पत्रकार साथियों के साथ उनका जीवन्त सम्पर्क है। इसीतरह नवनीतजी की पैनल से उपाध्यक्ष पद के दूसरे प्रत्याशी विकास दवे मासिक पत्रिका देवपुत्र से जुड़े हैं। ठाकुर भारती निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। वे भी लम्बे समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उनकी अपनी एक अलग पहचान है।
सचिव पद पर दो युवा हैं आमने- सामने।
प्रेस क्लब के चुनाव में सचिव पद पर मां सरस्वती समूह से अभिषेक मिश्रा और मां सरस्वती पत्रकार समूह से महेंद्र सिंह सोनगिरा के बीच मुख्य मुकाबला है।हालांकि निर्दलीय प्रत्याशी सोनू यादव भी दमदारी के साथ चुनाव मैदान में डटे हैं। अभिषेक और महेंद्र दोनों युवा होने के साथ मृदुभाषी और मिलनसार हैं।इलेक्ट्रोनिक मीडिया से जुड़े इन दोनों प्रत्याशियों में कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
कोषाध्यक्ष के लिए 4 प्रत्याशी आजमा रहे किस्मत।
कोषाध्यक्ष के लिए नवनीतजी की पैनल से कमल कस्तूरी और अरविंदजी की पैनल से संजय त्रिपाठी जोर आजमाइश कर रहे हैं। इसके अलावा पंकज शर्मा और धर्मेश यशलहा निर्दलीय प्रत्याशी के बतौर किस्मत आजमा रहे हैं। मुख्य मुकाबला कमल कस्तूरी और संजय त्रिपाठी के बीच होने की संभावना है।
नाज या प्रियंका कौन होगा महिला प्रतिनिधि..?
महिला प्रतिनिधि के पद के लिए नाज पटेल और प्रियंका पांडे आमने- सामने डटी हैं। नाज, अरविंदजी की पैनल से तो प्रियंका नवनीतजी की पैनल से चुनाव लड़ रही है। दोनों ही इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़ी हैं। दोनों में कौन किसपर भारी पड़ता है ये देखना दिलचस्प होगा।
कार्यकारिणी में है भारी कशमकश।
कार्यकारिणी सदस्य के 6 स्थानों के लिए कुल 14 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें दोनों पैनलों के 6-6 और 2 निर्दलीय प्रत्याशी हैं। नवनीत जी कि मां सरस्वती समूह पैनल से अभय तिवारी, अजय पौराणिक, अजीज खान, आकाश धौलपुरे, विजय भट्ट और धीरज दुबे चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं अरविंद जी की मां सरस्वती पत्रकार समूह पैनल से अंकुर जायसवाल, विपिन नीमा, प्रवीण बरनाले, राहुल वावीकर, करिश्मा कोतवाल और लोकेंद्र सिंह थनवार प्रत्याशी बनाए गए हैं।जगदीश जोशी और लक्ष्मीकांत पण्डित निर्दलीय प्रत्याशी हैं।
बहरहाल, दोनों ही पैनलों ने दमदार चेहरों को प्रत्याशी बनाया है। विभिन्न संस्थानों के साथ घर- घर जाकर मतदाताओं का समर्थन जुटाने की कवायद की जा रही है। सोशल मीडिया का भी भरपूर उपयोग चुनाव प्रचार में किया जा रहा है। पैनल के साथ व्यक्तिगत तौर पर भी प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें लुभाने का प्रयास कर रहे हैं। अब मतदाता किसको प्रेस क्लब की बागडोर अगले 3 साल के लिए सौंपते हैं इसका खुलासा 8 मार्च को मतदान के बाद होनेवाली मतगणना के जरिये देर रात तक ही हो सकेगा।









