इंदौर : अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में खाद्य तेल में गिरावट का सिलसिला जारी है। बीते दिनों से स्थिर लग रहे मूंगफली तेल में सोमवार को बड़ी गिरावट दर्ज हुई। मूंगफली तेल करीब 100 रुपये तक टूट गया। सोया तेल में भी गिरावट रही। इंडोनेशिया से पाम आइल एसोसिएशन की रिपोर्ट आई कि अप्रैल में इंडोनेशिया का पाम आइल एक्सपोर्ट गिर गया। अमेरिका में सरकार ने बायो फ्यूल में सोया तेल के मिश्रण के अनुपात को 43 प्रतिशत से घटाकर 13 प्रतिशत कर दिया।
इस मामले पर अमेरिका में सरकार की कमेटी मंगलवार को बैठक करेगी। अब तक भारत सरकार के आयात पर शुल्क घटाने को तेल के बाजार में गिरावट की वजह करार देने वाले सटोरिये अब अमेरिका से लेकर इंडोनेशिया की रिपोर्ट को तेल की गिरावट की वजह मान रहे हैं।
इस बीच मलेशिया पाम आइल बाजार सोमवार शाम 4 महीने के सबसे निचले स्तर पर बंद होने की खबर है।
अगस्त डिलीवरी सौदे 7.8 प्रतिशत गिरकर 3,378 रिगिंट रह गए। ये दाम 5 फरवरी के बाद सबसे कम है। दूसरी ओर भारत में खाद्य तेलों का आयात बीते वर्ष के मई महीने के मुकाबले इस मई माह में 1.2 मिलियन टन बढ़ गया है। पाम और सोया तेल का आयात बढ़ा लेकिन सनफ्लावर तेल के आयात में इस अवधि के दौरान बीते वर्ष के मुकाबले गिरावट रही। विदेशी बाजारों में खाद्य तेलों की गिरावट और घरेलू बाजार में इम्पोर्ट ड्यूटी की खबरों से माहौल मंदी का बन गया है।
भाव में मंदी के बावजूद हाजर में मांग सुस्त और विदेशों में सोया तेल स्टॉक में बढ़ोतरी के अनुमान से वैश्विक स्तर पर आगे ओर गिरावट की उम्मीद की जा रही है। यूएएसडीए की रिपोर्ट के मुताबिक जून महीने के अंत में सोया तेल का स्टॉक 4.14 मिलियन टन रहने का अनुमान लगाया गया है। सोमवार को घरेलू बाजार में भी खाद्य तेलों में लेवाल की तुलना में बिकवाल ज्यादा होने से जोरदार गिरावट कायम रही।
सोमवार को इंदौर में सोयाबीन तेल में 45-50 रुपये की गिरावट प्रति दस किलो पर दर्ज की गई। सोया तेल घटकर 1270-1280 रुपये प्रति दस किलो रह गया। इधर, मूंगफली तेल में भी उठाव कमजोर होने से 100 रुपये की गिरावट रही। मूंगफली तेल जो शनिवार को 1510-1520 रुपये था वो घटकर 1410-1420 रुपये प्रति दस किलो रह गया। फिर भी मांग कमजोर बनी हुई है।
तेल लूज- मूंगफली तेल इंदौर 1410-1420, सोया तेल 1270-1280, सोया साल्वेंट 1210-1215, इंदौर पाम 1200, मुंबई मूंगफली तेल 1400, मुंबई पाम 1140, सोया तेल 1330, राजकोट तेलिया 2210-2220, गुजरात लूज 1350-1375, कॉटन 1350-1375 रु. प्रति 10 किलो के भाव बताए गए।
तिलहन : सरसों 6300 से 6350, रायडा 6400 से 6450, टोली 4200, करंज 4050, अलसी 7500, सोयाबीन 7300 से 7400 रुपये क्विंटल। सोयाबीन डीओसी स्पॉट 59500 रुपये टन।
प्लांटों में नई सोयाबीन के भाव – महाकाली 6750, खंडवा 6700, सांवरिया 6850, सिवनी 7100 व एवी 7000 रुपये।
कपास्या खली ( 60 किलो भरती) बिना टैक्स भाव – इंदौर 2050, देवास 2050, उज्जैन 2050, खंडवा 2025, बुरहानपुर 2025, अकोला 2900 रुपये।