भोपाल : प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने शुक्रवार को जारी बयान में मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर पर्यावरण संरक्षण के नाम पर नौटंकी करने का आरोप लगाया। वर्मा का कहना है कि रोज एक वृक्ष लगाकर सीएम शिवराज दिखावा कर रहे हैं, वहीं छतरपुर जिले के बक्सवाहा में ढाई लाख हरे भरे पेड़ों को काटने के लिए उन्होंने मशीनें भेज दी हैं।
हीरों के लालच में छीन रहें सांसें।
सज्जन वर्मा ने कहा कि जमीन के अंदर से 50,000 करोड़ के हीरे निकालने के लिए सीएम शिवराज प्रदेश की जनता की सांसे छीन रहे हैं। लगभग ढाई लाख वृक्ष जिनके कारण प्रदेश में पर्यावरण का संतुलन बना हुआ है, लगातार पर्यावरण का क्षय हो रहा है। पिछले दिनों सभी ने देखा कि किस तरह ऑक्सीजन के लिए जनता दर-दर भटक रही थी, ऐसे में ऑक्सीजन देने वाले ढाई लाख पेड़ काटना प्रदेश की जनता की साँसे छीनने जैसा प्रतीत होता है। लाखों पेड़ काटकर प्रदेश के पर्यावरण को क्षति पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
प्रदेश को डाल रहे संकट में।
श्री वर्मा ने कहा कि शिवराज प्रदेश में रोज एक वृक्ष लगाकर फोटो खींचा कर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं पूरे प्रदेश की वाहवाही लूटते हैं और लोगों को यह जताने का प्रयास करते है की वो पर्यावरण के कितने बड़े चिंतक हैं, प्रदेश के पर्यावरण की रक्षा करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी उन्होंने ले रखी है, रोज एक पेड़ लगाने की नौटंकी कर हीरे निकालने की योजना अब समझ में आ रही है ढाई लाख पेड़ों को काटकर प्रदेश की जनता और पूरे प्रदेश को संकट में डालने का प्रयास शिवराज कर रहे हैं।