इंदौर : भगवान भोलेनाथ की आराधना का महापर्व महाशिवरात्रि, आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर और आसपास के शिवालयों में दर्शन- पूजन व अभिषेक के लिए सुबह से ही लोगों की कतारें लगना शुरू हो गई थीं। इस मौके पर शिवालयों का अलौकिक श्रृंगार किया जा गया है। कई स्थानों पर भजनों की बानगी भी पेश की जा रही है।
देवगुराड़िया मन्दिर में लगा भक्तों का मेला।
बायपास के समीप स्थित प्राचीन देवगुराड़िया मन्दिर में भोलेनाथ के दर्शन- पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कोरोना काल में यहां पारंपरिक मेला नहीं लग पाया था पर इस बार मेले का आयोजन भी किया गया है। लोग भोलेनाथ के दर्शनों के साथ परिवार सहित मेले में खरीददारी और खान- पान का भी लुत्फ उठा रहे हैं।
पुष्प बंगले में विराजे भूतेश्वर महादेव।
शहर के पश्चिमी क्षेत्र स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर में महकशिवरात्रि के उपलक्ष्य में आकर्षक फूल बंगला सजाया गया है। वृंदावन से आए कलाकारों ने तीन क्विंटल फूलों से यह मनोहारी सजावट की है। भोलेनाथ का भी लुभावना श्रृंगार किया गया है। भूतेश्वर महादेव की अलौकिक छटा निहारने और दर्शन लाभ लेने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।
कांटाफोड़ शिव मंदिर में राम मंदिर की झांकी।
नवलखा स्थित कांटाफोड़ शिव मंदिर में भी महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। यहां शिव- पार्वती की मनभावन झांकी सजाने के साथ राम मंदिर की झांकी भी सजाई गई है। बड़ी तादाद में श्रद्धालु सुबह से ही यहां दर्शन- पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। शिव- पार्वती के नयनाभिराम श्रृंगार को देखकर भक्तजन भावविभोर हो रहे हैं।
इसके अलावा परदेशीपुरा स्थित गेंदेश्वर महादेव, पंढरीनाथ क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ महादेव, गांधी हाल स्थित गोपेश्वर महादेव, जबरेश्वर महादेव सहित अन्य शिवालयों में भी महाशिवरात्रि पर शिवशंकर का अलौकिक श्रृंगार किया गया है। भक्तों की कतारें शिवालयों में लगी हुई हैं। वे दर्शन- पूजन के साथ भोलेनाथ से घर- परिवार की खुशहाली व अच्छी सेहत की कामना कर रहे हैं।