हजारों महिलाओं को झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

  
Last Updated:  June 13, 2022 " 04:15 pm"

इंदौर : ममता महिला उत्थान फाउंडेशन के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाला आरोपी क्राइम ब्रांच इंदौर की कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने फरियादी द्वारा जोड़े 500 से अधिक सेंटर पर प्रशिक्षण प्राप्त 10 हजार महिलाओं से पैसे प्राप्त कर फाउंडेशन के खाते में जमा न करवाते हुए निजी बैंक खाते में जमा कर धोखाधडी की।महिलाओं को सिलाई ट्रेनिंग के बाद उनसे लिए गए रजिस्ट्रेशन के पैसे वापस करने और एक्स्ट्रा पैसे देने का झूठा वादा कर आरोपी ने सेंटर में 20–20 महिलाओं का समूह बनाकर धोखाधडी की।
आरोपी ने पूछताछ में प्रदेश के इंदौर सहित आसपास के कई जिलों में इसी तरह से कई लोगो से करोड़ों रूपए अवैध रूप से प्राप्त कर धोखा–धडी करना स्वीकार किया।

क्राइम ब्रांच इंदौर में आवेदक महिला समूह द्वारा ममता महिला फाउंडेशन के विरुद्ध धोखाधडी संबंधी शिकायत की गई थी, जिसकी जांच पुलिस उपायुक्त (अपराध) निमिष अग्रवाल के निर्देशन में फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन सेल से कराई गई। जांच में ज्ञात हुआ कि महिला फरियादी को झूठ बोलकर झांसे में लेते हुए आरोपी अमित वर्मा ने उन्हे ममता महिला उत्थान फाउंडेशन से जुड़कर उन्हें 20–20 महिलाओ को समूह में जोड़ने का प्रलोभन दिया। फरियादी से कहा कि महिलाओं से 01–01 हजार रुपए लेने है और तीन माह तक सिलाई की ट्रेनिंग देना है। बदले में फरियादी को तीन महीने के 9000रू मिलेंगे। महिलाओ को ट्रेनिंग के बाद उनके द्वारा दिए गए 1,000रू भी वापस मिलेंगे। प्रमाण पत्र के साथ संस्था द्वारा 1,000 रू अलग से दिए जाएंगे।

फरियादी महिला ने आरोपी अमित द्वारा दिए गए झूठे वादों में आकर इंदौर एवं मंडलेश्वर में 06 ग्रुप खुलवाए और 120 महिलाओं से 1,18,000 रू लेकर आरोपी ने संस्था के खाते में पैसे न डलवाते हुए निजी बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए। संबंधित महिलाओं को ट्रेनिंग के बाद न तो पैसे वापस किए गए और न ही अतिरिक्त देय राशि लौटाई गई।

इसी तरह जिला धार की एक और अन्य महिला फरियादी जो 985/–रू देकर संस्था से जुड़ी थी, उनको आरोपी द्वारा बताया गया कि तीन माह तक सिलाई का कोर्स सीखना है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद आपको 2,000/– रू दिए जाएंगे। बाद में आरोपी अमित वर्मा द्वारा उसे कहा गया की आपको अब स्टूडेंट की जगह स्वयं टीचर बनकर 20–20 लोगो को जोड़कर सेंटर खोलना है। इस प्रकार शुरू में 06 सेंटर खोले गए। सभी लोगो से 985 रू प्राप्त कर आरोपी अमित द्वारा बताए बैंक खाते में पैसे डालते गए। इसी प्रकार प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को भी टीचर बनाकर फरियादी को सुपरवाइजर पद देते हुए कुल 500 सेंटर खोले गए, जिनमे करीब 10 हजार महिलाओं से 98,50,000/–रू संस्था के नाम से लेकर आरोपी द्वारा बताए निजी बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए। आज दिनांक तक संबंधित टीचर एवं स्टूडेंट को वादे के अनुसार राशि नहीं लौटाई गई। फरियादी द्वारा संस्था की साइट पर जाकर चेक करने पर संस्था का रजिस्ट्रेशन एवं संपर्क नंबर फर्जी होना पाया गया। इस प्रकार महिला फरियादी से लाखों रुपए की ठगी की गई।

क्राइम ब्रांच ने फरियादियों की शिकायत पर अमित वर्मा निवासी– श्रीजी वेली 303 बिचौली मर्दाना,जिला इंदौर को पकड़ा। आरोपी के विरुद्ध थाना तुकोगंज में धारा 420, 406 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *