इंदौर : मौसम में आए बदलाव और बारिश की आशंका के बावजूद इंदौर में दशहरा पर्व पर विभिन्न स्थानों पर स्थानों पर बुराई के प्रतीक स्वरूप रावण दहन की तैयारियां कर ली गई हैं। पारंपरिक स्थानों के अलावा कई अन्य स्थानों पर भी रावण दहन के कार्यक्रम होंगे।
दशहरा मैदान में होगा 111 फीट ऊंचे रावण का दहन।
पारंपरिक दशहरा मैदान में 111 फीट ऊंचा रावण बनकर तैयार हो चुका है। दशहरा महोत्सव समिति के सत्यनारायण सलवाड़िया ने बताया कि खेमा इंडस्ट्रीज की तरफ से पिछले कई सालों से रावण में निशुल्क पटाखे लगाए जाते हैं। रावण दहन के पूर्व जोरदार आतिशबाजी भी की जाएगी। होलकर राजपरिवार के सदस्य परंपरानुसार इसी मैदान पर शमी वृक्ष का पूजन भी करेंगे।
चिमनबाग पर 101 फीट ऊंचे रावण और लंका का दहन होगा।
दशहरा उत्सव समिति चिमनबाग मैदान के संयोजक एडवोकेट अरविंद यादव व अध्यक्ष अनिल यादव के मुताबिक वे बीते 48 सालों से विजयादशमी पर चिमनबाग मैदान पर बुराई के प्रतीक रूप में रावण व लंका का दहन कर रहे हैं। इस साल 101 फीट ऊंचा रावण तैयार किया गया है। यहां 250 फीट की लंका भी तैयार की गई है। चिमनबाग मैदान पर रावण एवं लंका का दहन हनुमान का रूप धारण करने वाले दिलीप कुशवाह अपनी वानर सेना के साथ करेंगे। इस दौरान रंग बिरंगी आतिशबाजी भी की जाएगी।
छावनी में 51 फीट के रावण का होगा दहन।
छावनी क्षेत्र में 51 फीट के रावण का दहन कर विजय पर्व का उल्लास व्यक्त किया जाएगा। यहां अलग तरह की आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
नगर निगम रोड पर लंपी वायरस रूपी रावण का दहन होगा।
संस्था सूर्यमंच के बैनर तले पुराने श्रीकृष्ण टॉकीज के सामने स्थित नगर निगम रोड पर लंपी वायरस रूपी रावण का दहन होगा। संयोजक सन्नी पठारे ने बताया कि लंपी वायरस इन दिनों गौवंश का काल बना हुआ है। इस वायरस से गौवंश को जल्द मुक्ति मिले, इसी कामना के साथ इस बार लंपी वायरस रूपी रावण का दहन किया जाएगा।
इसके अलावा तिलक नगर, विजय नगर, स्कीम नंबर 78, एयरपोर्ट रोड, नीलकंठ कॉलोनी सहित कई अन्य स्थानों पर भी रावण दहन के कार्यक्रम संपन्न होंगे।








