पूरे शहर को सजाया – संवारा जाएगा – महापौर
इंदौर : आगामी जनवरी माह में होने जा रहे प्रवासी भारतीय सम्मेलन को लेकर इंदौर नगर निगम बड़ी जिम्मेदारी निभाने जा रहा है। प्रवासी भारतीयों के समक्ष देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की खूबियों और विशेषताओं की बानगी पेश करने के साथ सम्मेलन का उपयोग शहर की ब्रांडिंग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करने की योजना पर इंदौर नगर निगम काम कर रहा है। ये बात महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कही।
शहर की खूबसूरती में लाएंगे निखार।
मीडियाकर्मियों से चर्चा के दौरान महापौर ने कहा कि अतिथि देवो भव: की परंपरा का निर्वहन करते हुए प्रवासी भारतीयों के स्वागत – सत्कार में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। एयरपोर्ट से लेकर सम्मेलन स्थल तक के मार्ग और आसपास की सड़कों को दुरुस्त करने के साथ चौराहों का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। ग्रीन बेल्ट को संवारा जाएगा। प्रवासी मेहमानों की अगवानी के लिए स्वागत द्वार और वंदन वार सजाए जाएंगे। शहर की ऐतिहासिक धरोहरों की रंगाई – पुताई और साफ – सफाई के साथ उनपर आकर्षक रोशनाई भी की जाएगी। स्वच्छता और अन्य क्षेत्रों में प्राप्त की गई उपलब्धियों से प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रवासी भारतीयों को अवगत कराया जाएगा। उन्हें शहर और आसपास के प्रमुख स्थानों का भ्रमण भी करवाया जाएगा।
इंदौर की होगी ब्रांडिंग।
देश और प्रदेश के तेजी से बढ़ते शहर इंदौर की उजली छवि प्रवासी भारतीयों के समक्ष पेश कर अधिकाधिक निवेश इंदौर की ओर आकर्षित करने पर नगर निगम का जोर रहेगा। महापौर ने कहा कि आगामी कुछ दिनों में निगम के कार्य धरातल पर दिखने लगेंगे।
नौकरशाही का हावी होने की बात गलत।
महापौर भार्गव ने इस बात को गलत बताया कि निगम पर नौकरशाही हावी है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का काम करने का अपना तरीका होता है। जबसे निगम परिषद बनीं है और उन्होंने महापौर के बतौर पदभार संभाला है, वे और उनकी टीम लगातार जनता के संपर्क में हैं और उनकी समस्याओं को सुनकर उनका समाधान कर रहे हैं।
स्वच्छता में शीर्ष पर बने रहना बड़ी चुनौती।
महापौर भार्गव ने माना कि स्वच्छता में लगातार शीर्ष पर बने रहना बड़ी चुनौती है। इंदौर के लोगों ने स्वच्छता को अपना लिया है पर ये आदत बरकरार रहे इसके लिए प्रयासों की पराकाष्ठा वे और उनकी टीम कर रही है। नगर निगम के अधिकारी – कर्मचारी और सफाई मित्र भी लगातार शहर को स्वच्छ बनाए रखने में जुटे रहते हैं। नवाचारों के साथ इंदौर का ये सम्मान आगे भी बना रहे, इसमें हम सबको महती जिम्मेदारी निभानी होगी।