अंग्रेजी नव वर्ष 2024 की जोश – खरोश के साथ की गई अगवानी

  
Last Updated:  January 1, 2024 " 05:56 pm"

इंदौर : समय का चक्र निरंतर गतिमान रहता है। अंग्रेजी वर्ष 2023 की विदाई के साथ ही नए वर्ष 2024 का आगमन हो गया है। 31 दिसंबर की रात 12 बजते ही लोगों ने 2023 को अलविदा कहा और नए वर्ष 2024 की जोश – खरोश के साथ अगवानी की। झूमते नाचते गाते और आतिशबाजी के साथ अंग्रेजी नए वर्ष के आगमन की खुशी मनाई गई। लोगों ने हैप्पी न्यू ईयर कहकर एक – दूसरे को नए वर्ष की शुभकामनाएं दी।व्हाट्सअप, फेसबुक और सोशल मीडिया के अन्य माध्यमों पर नए वर्ष की शुभकामनाएं देने का सिलसिला सा चल पड़ा।

नए वर्ष की जोश – खरोश के साथ की गई अगवानी।

वर्ष 2024 के स्वागत के लिए होटल, रेस्टोरेंट्स, पब, रिसोर्ट,मॉल्स और मैरिज गार्डनो में धमाकेदार गीत – संगीत के कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।31 दिसंबर की शाम ढलते ही नए वर्ष का जश्न मनाने लोग घरों से निकल पड़े। इसके चलते सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ गई। ज्यादातर होटल, पब व रेस्टोरेंट्स में कपल्स को ही इंट्री दी गई थी। खासकर युवा अपने पार्टनर के साथ नए वर्ष की अगवानी को लेकर उत्साहित नजर आए। जो लोग परिवार के साथ नए वर्ष की खुशियां बटोरने निकले थे, उन्होंने मॉल्स,56 दुकान और सराफा जैसे ठिकानों का रुख किया और अपने मनपसंद व्यंजनों का लुत्फ उठाते हुए नए वर्ष का स्वागत किया। 56 दुकान पर तो स्वाद के शौकीनों का ऐसा मजमा लगा की पैर रखने की जगह नहीं बची।

बड़े होटल्स, पब व बार में कॉकटेल पार्टियों में जमकर जाम छलकाए गए। डीजे की धुन पर थिरकते हुए कपल्स और युवा जोड़ों ने नए साल का जश्न मनाया।

खजराना सहित तमाम मंदिरों में उमड़ी भीड़।

नए साल में घर – परिवार में सुख – समृद्धि और खुशियों की आमद की कामना लिए बड़ी तादाद में लोग मंदिरों में पहुंचे। खासकर खजराना गणेश मंदिर में देर रात तक दर्शन – पूजन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। इसी के साथ रणजीत हनुमान मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर और राजवाड़ा स्थित महालक्ष्मी मंदिर में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। गुरुद्वारे में भी सिख समाज के लोगों ने पहुंचकर गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका। इस मौके पर गुरुवाणी का पाठ भी किया गया।

पुलिस ने हुड़दंगियों को सिखाया सबक।

नए वर्ष के जश्न की आड़ में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों की पुलिस ने खूब खबर ली। राजवाड़ा, रीगल तिराहा, पलासिया सहित पूरे बीआरटीएस के चौराहों पर पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। शराब पीकर हुड़दंग और उत्पात मचाने वालों की पुलिस ने अच्छी खातिरदारी की। इसीतरह दो पहिया वाहनों पर तीन सवारी बिठाने वाले, शराब पीकर गाड़ी चला रहे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *