सांसद लालवानी की पहल पर ड्रोन की मदद से किया जा रहा पीपल के बीजों का रोपण।
इंदौर : हरियाली में भी इंदौर को अग्रणी नगर बनाने के लिए नवाचार भी किए जा रहे हैं।सांसद शंकर लालवानी जंगल व पहाड़ी क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के लिए अब ड्रोन की मदद ले रहे हैं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन की मदद से पीपल के बीजों का रोपण किया। इंदौर के स्टार्टअप पाइज़र्व टेक्नोलॉजी ने इसके लिए अनोखा ड्रोन तैयार किया है।
सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि ड्रोन के जरिए बीजारोपण ऐसे इलाकों में किया जाता है, जहां पौधारोपण करना कठिन होता है। इन इलाकों में ड्रोन की मदद से बीजारोपण किया जाता है। ये बीज कालांतर में कुदरती तौर पर पौधों का रूप ले लेते हैं।
सांसद लालवानी ने कहा कि बारिश का मौसम बीजारोपण के लिए सबसे अनुकूल होता है। पीपल सबसे ज्यादा ऑक्सीजन देने वाला वृक्ष माना गया है इसलिए ड्रोन की मदद से पीपल के बीज रोपित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ड्रोन से बीज लगाने की तकनीक के माध्यम से इंदौर के आसपास कई क्षेत्रों को हरा-भरा किया जा सकता है और कृषि के क्षेत्र में भी इसकी अथाह संभावनाएं हैं।
ड्रोन से बीजारोपण का पहला प्रयोग।
पाइज़र्व टेक्नोलॉजी के सीटीओ अभिषेक मिश्रा ने बताया की ड्रोन से सीधे बीजरोपण करने का प्रयोग भारत में पहली बार हुआ है। इससे पहले सीड बॉल गिराने के प्रयोग हुए हैं। ये पूरी तरह से मेड इन इंडिया ड्रोन है। हमने उसे बीजारोपण के लिए अपग्रेड किया है।







