भारत ने रचा इतिहास, चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बना भारत

  
Last Updated:  August 23, 2023 " 09:41 pm"

चंद्रयान -3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग।

पीएम मोदी ने इसरो के वैज्ञानिकों और देशवासियों को दी बधाई।

ये क्षण जीत के चंद्रपथ पर चलने का है : मोदी

बंगलुरु : अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत ने इतिहास रच दिया। बुधवार शाम ठीक 06 बजकर 04 मिनट पर चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर के चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग करते ही भारत दुनिया का ऐसा पहला देश बन गया जिसने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर अपना यान उतारा हो।मिशन चंद्रयान- 3 की सफलता पर बंगलुरु स्थित इसरो के वैज्ञानिकों सहित कश्मीर से कन्याकुमारी तक पूरा देश खुशी से झूम उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण अफ्रीका से वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के जरिए चंद्रयान – 3 की लैंडिग के लाइव प्रसारण से जुड़े थे।

ये क्षण विकसित भारत के शंखनाद का है।

चंद्रयान -3 के चांद के दक्षिणी ध्रुव पर कदम रखते ही इस अविस्मरणीय पल के साक्षी बने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाथों में तिरंगा लेकर लहराया और अपनी खुशी का इजहार किया। उन्होंने इसरो प्रमुख एस सोमनाथ और इस मिशन से जुड़े तमाम वैज्ञानिकों को बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा , ‘जब हम अपनी आंखों के सामने ऐसा इतिहास बनते देखते हैं तो जीवन धन्य हो जाता है।ये क्षण अविस्मरणीय है, अभूतपूर्व है। ये क्षण विकसित भारत के शंखनाद का है। ये क्षण नए भारत के जयघोष का है। ये क्षण मुश्किलों के महासागर को पार करने का है। ये क्षण जीत के चंद्रपथ पर चलने का है। ये क्षण 140 करोड़ धड़कनों के सामर्थ्य का है। ये क्षण भारत में नई ऊर्जा, नए विश्वास, नई चेतना का है। ये क्षण भारत के उदीयमान भाग्य के आह्वान का है।’

यह सफलता पूरी मानवता की है।

मिशन चंद्रयान -3 की सफलता पर पीएम मोदी ने कहा कि भारत का सफल चंद्रमा मिशन अकेले भारत का नहीं है, ये सफलता पूरी मानवता की है।

अब चंदा मामा बस एक टूर के हैं।

पीएम मोदी ने कहा कभी कहा जाता था कि चंदामामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा, जब बच्चे कहा करेंगे, चंदामामा बस एक टूर के हैं। उन्होंने कहा कि सफल लैंडिंग के बाद पीएम ने कहा, नया इतिहास बनते ही हर भारतीय जश्न में डूब गया है, हर घर में उत्सव शुरू हो गया है।

चंद्रयान -3 की सफल लैंडिंग पर गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित तमाम राजनेताओं ने इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *