घाट में होनेवाली दुर्घटनाओं में आएगी कमी।
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और सांसद शंकर लालवानी ने किया नए मार्ग का लोकार्पण।
सांसद लालवानी ने संसद में उठाया था मुद्दा।
नितिन गडकरी को भी लालवानी ने मुद्दे से अवगत करवाया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल भूमिपूजन किया था।
इंदौर : एबी रोड स्थित खतरनाक ब्लैक स्पॉट गणेश घाट पर अब नई सड़क बना दी गई है।इसका ग्रेडियंट घटाया गया है, ताकि उतरने वाले वाहन सुरक्षित घाट उतर सकें। 9 किलोमीटर के इस बायपास को केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर एवं इंदौर के सांसद शंकर लालवानी के आतिथ्य में आवागमन के लिए लोकार्पित किया गया।
इंदौर से मुंबई के बीच गणेश घाट पर सबसे अधिक दुर्घटनाएं होती थी। यहां 15 साल में करीब 3,600 एक्सीडेंट हुए हैं और 350 लोगों की मौत हुई।सैकड़ों लोग घायल भी हुए हैं।
सांसद शंकर लालवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राजमार्ग परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब गणेश घाट पर सुरक्षित सफर का श्री गणेश हो रहा है।उन्होंने बताया की इस प्रोजेक्ट को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से कई बार मुलाकात हुई और रिकार्ड समय में इसे पूरा किया गया।
सांसद लालवानी ने बताया कि घाट पर नई सड़क बनाना बेहद चुनौती पूर्ण था। इसे बनाने के लिए 6 पहाड़ों को काटा गया है। एक पहाड़ की ऊंचाई काफी ज्यादा थी इसलिए हैवी मशीनों का इस्तेमाल भी करना पड़ा। कुल मिलाकर तकनीकि रूप से यह मार्ग बनाना काफी चुनौती पूर्ण था।
दरअसल, इस घाट का पहले ग्रेडियंट 6 मीटर का था जिसके कारण ढलान काफी ज्यादा था जिससे वाहनों पर कंट्रोल नहीं रह पाता था। अब इस नए रास्ते का ग्रेडियंट घटाकर 3 मीटर कर दिया गया है जिससे दुर्घटनाओं में काफी कमी आएगी।