बीजेपी की केंद्र और प्रदेश सरकार पर लगाए गंभीर आरोप।
इंदौर : मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष, कांग्रेस के नेता उमंग सिंघार ने कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाये जा रहे संविधान बचाओ अभियान को जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए चलाया जा रहा अभियान बताया है। इंदौर में प्रेसवार्ता के जरिए उन्होंने ये बात कही।
नेता प्रतिपक्ष सिंघार के मुताबिक इस अभियान का उद्देश्य संविधान में निहित सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय जैसे मूलभूत सिद्धांतों की रक्षा करना है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस की “संविधान बचाओ यात्रा” केवल कांग्रेस पार्टी का आंदोलन नहीं है। यह देश के हर उस नागरिक का आंदोलन है, जो संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों का सम्मान करता है। उन्होंने कहा यह आंदोलन मात्र वोट बैंक की राजनीति नहीं, बल्कि आम जनता की वास्तविक आवाज़ है।
उन्होंने बताया कि “संविधान बचाओ” अभियान 25 अप्रैल से 30 मई 2025 तक चार चरणों में संचालित किया जा रहा है।
25 से 30 अप्रैल तक सभी राज्यों में जिला स्तर पर जनसभाएँ की जा रहीं हैं।
5-10 मई तक सभी जिलों में ब्लॉक स्तर पर जनसभाएँ होंगी
11-17 मई तक प्रदेश विधानसभाओं में आम जनता के साथ संवाद और सभाएँ की जाएंगी और 20-30 मई तक घर-घर जाकर प्रचार और “संविधान बचाओ” का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
संविधान बचाओ यात्रा में इन मुद्दों पर दिया जा रहा जोर।
जातीय जनगणना कराई जाए।
एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों के लिए निजी शिक्षण संस्थानों में आरक्षण लागू किया जाए।
आरक्षण की सीमा 50% से अधिक बढ़ाई जाए।
किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को कानूनी दर्जा दिया जाए। किसानों के कर्ज माफ कर उन्हें आर्थिक राहत प्रदान की जाए।
सभी सामाजिक समूहों को समान राजनीतिक भागीदारी मिलनी चाहिए।
ये लगाए आरोप :-
नेता प्रतिपक्ष ने बीजेपी की केंद्र और प्रदेश की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। महंगाई चरम पर है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है।सरकारी एजेंसियों का उपयोग विपक्ष और आम लोगों की आवाज दबाने के लिए किया जा रहा है।MSME सेक्टर की उपेक्षा की जा रही है, वहीं
किसानों और मजदूरों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर हमले और गिरफ्तारी की जा रही है। समाचार माध्यमों पर दबाव और सोशल मीडिया पर निगरानी यह दर्शाते हैं कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता खतरे में है।
देश और प्रदेश में आदिवासी और दलित समुदायों पर अत्याचार बढ़ गए हैं।
पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की।
उमंग सिंघार ने पहलगाम में आतंकी हमले की निंदा की। उन्होंने सभी दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ इस प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता संतोष सिंह गौतम, वरिष्ठ अभिभाषक अजय बागड़िया, प्रदेश प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला, अमित चौरसिया, कौमी एकता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सच सलूजा, प्रदेश प्रवक्ता आनंद जाट, प्रमोद द्विवेदी, आनंद कासलीवाल, हर्ष जैन, हिमानी सिंह तथा कांग्रेस नेता बंटी राठौर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।