फ्लाइट मिस होने से एक महिला यात्री की भी बची जान।
अहमदाबाद : वो कहते हैं न कि ‘जाको राखे साइयां, मार सके न कोय’ ये बात गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की दुर्घटनाग्रस्त हुई फ्लाइट के मामले में सही साबित हुई। फ्लाइट में सवार सभी 12 क्रू मेंबर्स और 229 यात्री मारे गए, पर एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया। इस यात्री का एक अस्पताल में इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।यात्री का नाम रमेश विश्वास बताया गया है। रमेश विश्वास ने मीडिया को बताया कि हादसे के बाद जोरदार धमाका हुआ, चारों तरफ आग की लपटें उठ रहीं थी। आसपास यात्रियों की जली लाशें नजर आ रहीं थीं।इस बीच कोई एंबुलेंस में गया और उसके जरिए मुझे अस्पताल लाया गया। मुझे अब भी भरोसा नहीं हो रहा कि मैं जीवित हूं।ये किसी चमत्कार से कम नहीं है।
यात्रियों में एक महिला भी सौभाग्यशाली रही कि अहमदाबाद के व्यस्त ट्रैफिक के कारण उसकी जान बच गई। दरअसल, ट्रैफिक में फंसने के कारण वह 10 मिनट की देरी से सरदार बल्लभभाई एयरपोर्ट पहुंची थीं। इसके बाद उन्हें अहमदाबद – लंदन की फ्लाइट में बोर्डिंग की इजाजत नहीं मिली। मीडिया से बातचीत में भूमि चौहान ने बताया कि फ्लाइट के टेकऑफ के लिए 1:10 बजे का समय शेड्यूल था। भूमि ने बताया कि देरी से पहुंचने के कारण उसकी फ्लाइट मिस हो गई। प्लेन क्रैश होने की जब उन्हें सूचना मिली तो वह बुरी तरह कांप गईं। भूमि ने बताया कि जब वह दु:खी होकर एयरपोर्ट से एग्जिट गेट पर पहुंची तब उन्हें पता चला कि जिस फ्लाइट को उन्होंने मिस किया है, वह क्रैश हो गई है। उन्होंने जिंदगी बख्शने के लिए ईश्वर का शुक्रिया अदा किया।