आकाश विजयवर्गीय नें मातृशक्ति को सम्मान देते हुए महिलाओं से करवाया भूमिपूजन।
इंदौर : भाजपा सरकार ने मध्यमवर्गीय और गरीब वर्ग के क्षेत्रों में विकास पर जोर दिया और इन इलाकों को सुविधा संपन्न करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस राज में पिछड़े इलाके कहलाने वाले क्षेत्र आज विकास के नए आयाम रच रहे हैं। यह बात आकाश विजयवर्गीय ने विधानसभा 01 के वार्ड 15 में विकास कार्यों के भूमिपूजन के अवसर पर कही।
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मार्गदर्शन में पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने विधानसभा 1 के वार्ड 15 में 50 लाख की लागत के 3 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
भाजपा के राज में मातृशक्ति को मिलता है सम्मान।
इस मौके पर आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि इस वार्ड में भाजपा के बूथ अध्यक्षों में मातृशक्ति की प्रधानता है। यह अच्छी बात है। बूथ अध्यक्ष एक प्रभावशाली पद होता है।उन्होंने कहा कि भूमिपूजन सभी लोगों से मिलने का एक बहाना है। कांग्रेस के राज में अच्छे बगीचे, सामुदायिक भवन, बेहतर अस्पताल सारी आवश्यक सुविधाएं शहर के महंगे इलाकों में होती थी। कांग्रेस राज में सामान्य आदमी को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पाती थी। प्रदेश में 10 से 12 घंटे तक बिजली गायब रहती थी, लेकिन जब से भाजपा की सरकार बनी तो उसने अमीर-गरीब सभी वर्ग का ख्याल रखा और जिन इलाकों में जनसुविधाएं नहीं थी वहां प्राथमिकता के आधार पर जनसुविधाएं उपलब्ध करवाई क्योंकि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार महंगे अस्पताल और स्कूल का खर्च वहन नहीं कर सकते हैं। हमने विधानसभा एक के सरकारी स्कूलों को सर्वसुविधा संपन्न करने का फैसला किया है और अब क्षेत्र के बच्चों को प्राइवेट स्कूलों से बेहतर सुविधाएं सरकारी स्कूलों में मिलेगी। क्षेत्र में 136 बगीचे हैं। इन बगीचों का कायापलट किया जा रहा है। ज्यादातर बगीचों में बच्चों के लिए झूले-चकरी और ओपन जिम की सुविधा दी जा रही है। इंदौर बस्तियों में बंटा हुआ शहर है और इन बस्तियों के रहने वाले लोग महंगे गार्डन या होटल में कार्यक्रम नहीं कर सकते, इसलिए हमने इन इलाकों में सामुदायिक भवनों की सुविधा दी है, जिससे लोग कम खर्च में अपने मांगलिक कार्यक्रम संपन्न कर सके। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर आकाश विजयवर्गीय से बात की। उन्होंने मौके पर उपस्थित नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। पेयजल की समस्या पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमने क्षेत्र में 6 बोरवेल करवाए हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि क्षेत्र की पेयजल समस्या का समाधान नर्मदा जल से हो। हमने विभिन्न समाजों को धर्मशाला निर्माण के लिए सहयोग दिया है। यदि इस वार्ड में किसी के पास भूमि है तो समाज की धर्मशाला के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी।
अस्पताल के संबंध में बोलते हुए उन्होने कहा कि यदि जमीन उपलब्ध हो जाती है तो अस्पताल का निर्माण किया जाएगा अन्यथा आसपास के किसी अस्पताल को बेहतर सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ सुविधाएं मिलती रहे।
खिलाड़ियों का किया सम्मान।
इस अवसर पर इंदौर टाइगर खेल एवं युवा संगठन से जुड़े कोच दुष्यंत शर्मा एवं खिलाड़ियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन दिया। आकाश विजयवर्गीय ने मंच से उनको कबड्डी मैट, जिम का सामान, चेंजिंग रूम और शेड की व्यवस्था करने की घोषणा की। साथ ही उनकी शेष मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। मंच पर नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में भाग ले चुके 7 खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।
विकास=कार्यों के क्रम में 20 लाख की लागत से शक्ति नगर में गार्डन निर्माण कार्य, शक्ति नगर में सीमेंट-क्रांकीट कार्य और पटेल नगर में ड्रेनेज लाइन डालने के कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में आकाश विजयवर्गीय नें मातृशक्ति को सम्मान देते हुए भूमिपूजन का कार्यक्रम महिलाओं से करवाया। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद श्रीमती ममता सुभाष सुनेरे, मंडल अध्यक्ष गगन यादव के अलावा बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय रहवासियों के साथ ही प्रशासनिक अमले से संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।








