गंजबासौदा में छत धसने से कई लोग कुए में गिरे, अधिकांश को सुरक्षित निकाला गया।

  
Last Updated:  July 16, 2021 " 12:30 am"

गंजबासौदा : ग्राम पंचायत मांहागोर के अंतर्गत आने वाले गांव लाल पठार में गुरूवार की रात करीब 9 बजे बड़ा हादसा हो गया। इस गांव में एक बच्चे की कुए में गिरने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे ढूंढने के लिए कुए की छत पर पहुंच गए। लोगों की संख्या अधिक होने के कारण कुए पर बनाई छत भरभरा कर गिर गई। जिसकी वजह से करीब 30 लोग कुए के पानी में गिर गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद 20 लोगों को बाहर निकाल लिया। उन्हें हल्की चोटें आई थीं। 5 लोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं।

कुए में गिरे किशोर व 5 अन्य की तलाश जारी।

ग्राम पंचायत स्वरूपनगर के सरपंच अमरसिंह ने बताया कि गांव लालपठार का आधा हिस्सा उनकी पंचायत में भी आता है। गुरूवार रात पानी भरने के लिए गया 16 वर्षीय किशोर संदीप परिहार कुए में गिर गया था। ग्रामीणों को जब इसकी सूचना मिली तो करीब 50 से अधिक लोग उसे निकालने के लिए कुए पर जा पहुंचे। कुशवाह के मुताबिक इस कुए पर लोहे की गर्डर डालकर सीमेंट की छत डाल दी थी। इस कुए में सिर्फ बीच का हिस्सा खुला रहता था। बच्चे को खोजने पहुंचे लोग कुए की इस छत पर चढ़ गए। भीड़ के दबाव के कारण दोनों तरफ की छत कुए में गिर गई। इसके चलते छत पर खड़े लोग भी कुए के पानी में जा गिरे। सरपंच के मुताबिक यह कुआ करीब 30 फ़ीट गहरा है। जिसमें करीब 20 फिट तक पानी भरा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों के अलावा प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। कुए में तैरते दिख रहे 20 लोगों को बाहर निकाल लिया गया। उन्हें हल्की चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड द्वारा कुए से पानी खाली कराया जा रहा है। कुए में गिरे बालक और पांच अन्य लोगों का समाचार लिखे जाने तक पता नहीं चल पाया था। कलेक्टर पंकज जैन एसपी विनायक बर्मा मौके पर पहुंच गए हैं।

एसडीआरएफ टीम के साथ भी हुआ हादसा।

कई लोगों के कुए में गिरने की सूचना पर एसडीआरएफ का दल भी राहत और बचाव कार्य के लिए पहुंचा था। बचाव कार्य के दौरान कुए के आसपास की मिट्टी भी धंस जाने से एसडीआरएफ की टीम के अधिकारी- कर्मचारी भी कुए में जा गिरे। बताया जाता है कि उन्हें तत्काल बाहर निकाल लिया गया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *