वीर गोगादेव जी जन्मोत्सव पर छड़ी निशानों का पूजन कर सेवादारों का किया सम्मान।
क्षेत्र क्रमांक 01 स्थित हंसदास मठ पर हुआ कार्यक्रम।
इंदौर : वाल्मीकि समाज इंदौर की शान है। इंदौर को यदि आठवी बार स्वच्छता में नंबर वन का पुरस्कार मिला है तो इसका श्रेय वाल्मीकि समाज के युवाओं और माताओं को जाता है। इन्होंने इंदौर का मान बढ़ाया है। यह बात नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कही।वे शनिवार को जाहर वीर गोगादेव जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में इंदौर शहर के समस्त छड़ियों और निशानों का पूजन करने के बाद उपस्थित समाजजनों को संबोधित कर रहे थे।
गोगादेव जी महाराज सामाजिक समरसता और वीरता के प्रतीक थे।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इस साल निशान की सेवा करने वाले ज्यादातर युवा हैं। वर्तमान में इस बात की आवश्यकता भी है कि युवा हमारे सामाजिक-धार्मिक उत्सवों में ज्यादा से ज्यादा भागीदारी करे। इन आयोजनों के माध्यम से इतनी शक्ति प्राप्त करें कि हर तरह के दुर्व्यसनों से दूर रहे। गोगादेव जी महाराज साक्षात रूप से ईश्वर का स्वरूप है। उनके शौर्य और पराक्रम के किस्से जब पढ़ते हैं तो गर्व महसूस होता है। महमूद गजनी जब सोमनाथ पर हमला करने आय़ा था तो गोगादेवजी ने उसको सात बार रोकने की कोशिश की थी और आठवी बार वो युद्धभूमि में वीरगति को प्राप्त हो गए। उनके साथ ही उनके कई साथी भी वीरगति को प्राप्त हुए थे। गोगादेवजी महाराज सामाजिक समरसता और वीरता के प्रतीक थे। गोरक्षा में भी उनकी बड़ी ख्याति थी। गोसेवा उनका परम धर्म था।
इंदौर को स्वच्छ करने की पहल कैलाश विजयवर्गीय ने की थी।
इस अवसर पर बोलते हुए पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि उनके पिता कैलाश विजयवर्गीय जी ने जब इंदौर के महापौर का कार्यभार संभाला था उस वक्त नगर निगम में तनख्वाह देने के भी पैसे नहीं होते थे। उस समय स्वच्छता के लिए कोई व्यवस्थित सिस्टम नहीं था, विकास के लिए कोई योजना नहीं थी। सबसे पहले कैलाश जी ने वाल्मीकि समाज से निवेदन किया कि आप नगर निगम में आए, हो सकता है तनख्वाह देने में लेटलतीफी हो, लेकिन आपकी मदद से हम इंदौर को नंबर वन बनाएंगें। उस समय देखा हुआ सपना आज साकार हो रहा है। वर्तमान में वीर गोगादेव जी के पुरुषार्थ का अंश हर बच्चे में आए यह बहुत जरूरी है और समाज को इसकी बहुत आवश्यकता है। वर्तमान में जरूरत है कि सभी समाज समरसता के साथ एकजूट होकर आगे बढ़े, क्योंकि बटेगें तो कटेंगे और एक हैं तो सेफ हैं। इसलिए हमको एक जूट होकर रहना है। जात-पात से आगे निकल कर देश और समाज के लिए सोचना है।
वाल्मीकि समाज ने किया भव्य स्वागत।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और आकाश विजयवर्गीय ने समस्त निशानों की पूजा की। कार्यक्रम में पहुंचने पर कैलाश विजयवर्गीय का भव्य स्वागत हार-फूल, ढोल-ताशों और आतिशबाजी के साथ किया गया। इस अवसर पर पार्षद पराग कौशल, भाजपा नगर उपाध्यक्ष अशोक चौहान चांदू नेता, वरिष्ठ भाजपा नेता अक्षय कांति बम, नितिन मालू, टीनू जैन, अमरजीत मौर्य, संदीप पथरोड़, भूपेंद्र केसरी के साथ बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग मौजूद थे।









