राऊ पुलिस ने अपने वाहन से घायलों को पहुंचाया अस्पताल,
इनोवा जब्त कर चालक को लिया हिरासत में।
इंदौर : राऊ क्षेत्र की श्रमिक कॉलोनी में बुधवार को तेज रफ्तार इनोवा ने एक बुजुर्ग सहित 5 लोगों को टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायलों को पुलिस वाहन में अस्पताल पहुंचाया गया। एक घायल की हालत गंभीर बताई गई है।
बताया जाता है कि अनियंत्रित इनोवा ने पहले एक्टिवा सवार दो लोगों को फिर बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मारी, टक्कर के बाद इनोवा ड्राइवर बुजुर्ग को करीब 200 फीट तक घसीटता ले गया। इसके बाद घटनास्थल से गुजर रहे ट्रैक्टर से इनोवा जा टकराई।
घटना की सूचना मिलते ही
सहायक पुलिस आयुक्त गांधीनगर श्रीमती निधि सक्सेना, थाना राऊ से उपनिरीक्षक प्रवीण जाधव एवं प्रधान आरक्षक अजय सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक राहुल बोड़दिया व अन्य पुलिसकर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने एम्बुलेंस का इंतजार करने की बजाय तत्काल पुलिस की डायल-112 वाहन को बुलवाया। वहाँ उपस्थित लोगों की मदद से घायलों को पुलिस वाहन से उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया।हादसे घायल बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई गई है।
राऊ पुलिस ने इनोवा कार चालक को गिरफ्त में ले लिया है, जिसके विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









