इंदौर : बीजेपी महिला मोर्चा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व मनरेगा समिति की राष्ट्रीय सदस्य अंजू माखीजा एवं महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष पदमा भोजे के नेतृत्व में महिला मोर्चा का प्रतिनिधि मंडल आईजी विवेक शर्मा से मिला। महिला मोर्चा ने आईजी को ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, विधायक जीतू पटवारी और विदिशा के विधायक शशांक भार्गव पर एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की।मोर्चा नेत्रियों का कहना था कि बेटियों व केन्द्रीय महिला मंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दोनों कांग्रेसी विधायकों ने समूची नारी जाति को अपमानित किया है।
ज्ञापन के जरिए कहा गया कि कांग्रेस के नेता लगातार मातृशक्ति का अपमान कर रहे हैं। उनका ये कृत्य घोर निंदनीय है। कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से ही महिला विरोधी रही है।
बेटियों को बोझ मानती है कांग्रेस।
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, विधायक जीतू पटवारी ने केंद्र सरकार पर पुत्र पैदा करने के चक्कर में 5 पुत्रियां पैदा करने का ट्वीट करके यह जता दिया कि कांग्रेस बेटियों को बोझ मानती है। यह सरेआम देश की बेटियों का अपमान है। इसी तरह कांग्रेस के विदिशा विधायक द्वारा भरी सभा में केंद्रीय महिला मंत्री के लिए आपत्तिजनक बातें कही गई। मातृशक्ति का अपमान करना कांग्रेस का शगल बन गया है।
आईजी विवेक शर्मा ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को दिया।