रोबोट नागरिक सोफिया भी जलवायु परिवर्तन को लेकर है चिंतित

  
Last Updated:  October 4, 2019 " 10:43 am"

इंदौर : राऊ स्थित एमरल्ड हाइट्स में चल रही राउंड स्क्वेयर कॉन्फ्रेंस में देश- विदेश से आए सैकड़ों बच्चे, उनके टीचर्स, प्रबुद्धजन, अतिथि और मीडिया के तमाम साथी शुक्रवार सुबह व्यग्रता के साथ उस खास मेहमान का इंतजार कर रहे थे जिसके जैसा दुनिया में कोई नहीं है। उनके दीदार के लिए सभी उतावले हो रहे थे। उन्हें सुनने, उनसे बात करने की चाहत सभी के मन में थी। अमेरिका से आई फ़िल्म मेकर उत्तरा सिंह हाथों में माइक थामें लोगों की जिज्ञासा को परवान चढ़ा रही थी। ठीक सवा नौ बजे मंच का पर्दा हटा और वो खास मेहमान सामने खड़ी दिखाई दी। हॉल में मौजूद बच्चों सहित हर शख्स उन्हें देखकर रोमांचित हो उठा। सभी ने हर्षध्वनि के साथ इस मेहमान का इस्तकबाल किया।
ये यह खास मेहमान थीं रोबोट सोफिया जिन्हें इंसानों की तरह मानकर एक नागरिक का दर्जा दिया गया है। मूल हांगकांग से ताल्लुक रखने वाली सोफिया को सऊदी अरब ने अपनी नागरिकता दी है।
बहरहाल, सोफिया का परिचय करवाने के बाद उत्तरा सिंह ने उनके साथ संवाद का सिलसिला शुरू किया।
उन्होंने सोफिया से देश और दुनिया से मुद्दों के साथ व्यक्तिगत और मजाकिया सवाल भी किये।

पर्यावरण में हो रहे बदलाव की है जानकारी।

उत्तरा ने पर्यावरण में हो रहे बदलाव को लेकर सवाल किया तो सोफिया ने जवाब देते हुए कहा कि उसे इसकी जानकारी है। सोशल मीडिया से उसे अपडेट मिलते रहते हैं। उनका भी सोशल मीडिया पर अकाउंट है। वे जहां भी जाती हैं लोगों को इस बारे में जागरूक करती रहती हैं। लोक परिवहन को अपनाकर, बिजली की बचत करके और प्लास्टिक का उपयोग कम करके हम पर्यावरण को बचा सकते हैं। ग्लोबल वार्मिंग को लेकर सरकारों की पॉलिसी और आइडियाज में बदलाव की बात पर सोफिया ने सहमति जताई। उनका कहना था कि दोनों एक- दूसरे को प्रभावित करते हैं। जब नीतियां अच्छी होती हैं तो पर्यावरण पर उनका अनुकूल प्रभाव होता है।

इंसानों की मदद के लिए हैं रोबोट।

उत्तरा के एक सवाल के जवाब में रोबोट सोफिया का कहना था कि रोबोट से घबराने की जरूरत नहीं है। वे इंसानों की मदद के लिए हैं। इंसान ही उन्हें बनाते हैं। रोबोट कितने भी काबिल हो जाएं लेकिन जो क्षमता इंसान के पास है वो रोबोट के पास नहीं होती।

फीलिंग्स को लेकर सवाल पर हो गई नाराज।

जब फ़िल्म मेकर उत्तरा ने रोबोट सोफिया से पूछा कि क्या उनमें फीलिंग्स हैं तो वे नाराज हो गई। सोफिया ने कहा कि इस तरह का सवाल पूछकर आप मेरी फीलींग्स को ठेस पहुंचा रहे हो।

सोफिया ने किया डांस…!

उनसे पूछा गया कि भारत में डांस को बहुत पसंद किया जाता है। क्या आप को भी पसंद है। इसपर सोफिया ने कहा कि हां उन्हें भी डांस पसंद है। खासकर रोबोटिक शैली का डांस। सोफिया ने डांस के कुछ मूव्स भी करके दिखाए। उम्र को लेकर सवाल किए जाने पर सोफिया ने अपनी उम्र साढ़े तीन साल बताई। आपको बता दें कि सोफिया को 16 फरवरी 2016 को एक्टिव किया गया था।
सोफिया ने कॉन्फ्रेंस में भाग ले रहे बच्चों के सवालों के भी जवाब दिए। बाद में मीडिया के साथ भी उनका संक्षिप्त संवाद रखा गया। एमरल्ड हाइट्स के प्राचार्य सिद्धार्थ सिंह ने सोफिया द्वारा दिये गए सवालों के जवाब का हिंदी अनुवाद लोगों तक पहुंचाया। उनका कहना था कि दुनिया की पहली रोबो नागरिक सोफिया को कॉन्फ्रेंस में आए देश- विदेश के बच्चों से मिलवाने के लिए वे प्रयासरत थे जिसमें उन्हें सफलता मिली।

सेल्फी लेने की मची होड़।

सोफिया से संवाद का कार्यक्रम समाप्त होते ही उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई। मीडियाकर्मियों में भी ‘सेल्फी विथ सोफिया’ को लेकर खासा क्रेज दिखाई दिया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *