लक्ष्मण- शिवराज की गुप्त मन्त्रणा से सियासी सरगर्मी तेज..!

  
Last Updated:  October 23, 2019 " 03:30 pm"

भोपाल : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह ने बुधवार को बीजेपी नेता और पूर्व सीएम शिवराज सिंह से मुलाकात की। दोनों के बीच बन्द कमरे में करीब आधे घंटे तक चर्चा हुई। हालांकि दोनों नेताओं ने इसे सौजन्य भेंट बताया पर राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात ने सरगर्मी पैदा कर दी है। इसे लक्ष्मण सिंह की नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि वे कांग्रेस में की जा रही अपनी उपेक्षा से खफा हैं। इसलिए वे बीजेपी में वापसी की तैयारी कर रहे हैं।

दिग्विजय और कमलनाथ से हैं नाराज ।

लक्ष्मण सिंह की अपने बड़े भाई दिग्विजय सिंह से नाराजगी कोई नई बात नहीं हैं पर हाल के दिनों में ये बढ़ी है। चाचौड़ा से विधायक का चुनाव जीते लक्ष्मण सिंह को उम्मीद थी कि वरिष्ठ होने के नाते उन्हें सीएम कमलनाथ के मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी लेकिन दिग्विजय सिंह ने अपने बेटे को मंत्री बनवा दिया। उसके बाद से ही दिग्विजय सिंह के साथ उनके रिश्तों में खटास बढ़ती चली गई। सीएम कमलनाथ ने भी उन्हें तवज्जो नहीं दी। इसके चलते लक्ष्मण सिंह को कांग्रेस में अपना भविष्य खटाई में नजर आने लगा है। मंगलवार को उन्होंने चाचौड़ा को जिले का दर्जा देने की मांग को लेकर दिग्विजय सिंह के घर के सामने धरना दिया था पर दिग्विजय सिंह ने उनसे मिलना भी उचित नहीं समझा। इसके चलते ये कयास लगाए जा रहे हैं कि वे पुनः बीजेपी का दामन थामने का मन बना रहे हैं। शिवराज सिंह से उनकी मुलाकात ने इन कयासों को बल दिया है। लक्ष्मण सिंह ऐसा कदम उठाते हैं तो उनके लिए यह घर वापसी जैसा कदम होगा क्योंकि वे पूर्व में बीजेपी के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़कर सांसद रह चुके हैं।

दबाव बनाने की भी हो सकती है रणनीति।

निकट भविष्य में सीएम कमलनाथ के मंत्रिमंडल में फेरबदल के साथ विस्तार करने की भी चर्चा है। ऐसे में लक्ष्मण सिंह की शिवराज सिंह से मुलाकात को सीएम कमलनाथ और कांग्रेस नेतृत्व पर दबाव बनाने की रणनीति के बतौर भी देखा जा रहा है।

बहरहाल, कारण जो भी रहा हो पर लक्ष्मण सिंह की शिवराज सिंह के साथ हुई गुप्त मन्त्रणा ने कांग्रेस खेमें में खलबली जरूर मचा दी है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *