कांग्रेस के दबाव में सुदर्शन गुप्ता के खिलाफ प्रकरण दर्ज..!

  
Last Updated:  June 13, 2020 " 08:55 am"

इंदौर : केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के जन्मदिन पर भीड़ इकट्ठी करना पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता को महंगा पड़ा। हजारों लोगों की भीड़ इकठ्ठी करने और सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाने के मामले में सुदर्शन गुप्ता के खिलाफ पुलिस ने धारा 188 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

कांग्रेस विधायक ने दी थी आंदोलन की चेतावनी।

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक के कांग्रेसी विधायक संजय शुक्ला ने पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता पर सोशल डिस्टेंसिंग की अवहेलना कर कोरोना संक्रमण को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी थी। उन्होंने गुप्ता पर प्रकरण दर्ज करने की भी मांग की थी। मामला तूल पकड़ता देख प्रशासन को श्री गुप्ता के खिलाफ एक्शन लेना पड़ा। हैरत की बात ये है कि सुदर्शन गुप्ता खुद क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्य हैं। फिर भी उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का मखौल उड़ाते हुए मजमा लगा लिया जबकि किसी भी तरह के सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगी हुई है।

राशन वितरण के दौरान मची थी लूटमार।

वार्ड क्रमांक 14 में विधायक सुदर्शन गुप्ता की उपस्थिति में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का जन्मदिन मनाया गया था। इस मौके पर गरीबों को राशन सामग्री बांटने के लिए बुलाया गया था। स्थानीय कमला नेहरू नगर के मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में इतनी भीड़ उमड़ी कि सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ गई। हजारों की संख्या में पहुंची भीड़ को विधायक और उनके समर्थक संभाल नहीं पाए। हालात ऐसे बिगड़े की सामग्री के लिए लूटमार मच गई। वितरण के लिए लाई गई सामग्री लूटकर लोग भाग निकले। ऐसी लूटपाट मची की आयोजक भी दंग रह गए। इस घटना को लेकर पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने बाद में खेद भी व्यक्त किया था।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *