इंदौर : गुरुवार की देर रात लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से जुड़ी फर्जी खबर ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। सोशल मीडिया से पर तेजी से हुई वायरल इस खबर पर कई नेताओं ने ट्वीट तक कर दिए। बाद में ताई के समर्थक और परिजन सक्रीय हुए। उन्होंने खबर को गलत बताया और कहा कि ताई पूरी तरह स्वस्थ्य हैं।
न्यूज चैंनलों ने बिना पुष्टि किए चला दी खबर।
सुमित्रा महाजन के बारे में तेजी से सोशल मीडिया में आई गलत खबर के बाद न्यूज चैनलों ने बिना पुष्टि किए खबर चला दी। कांग्रेस नेता शशि थरूर और बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने तो ट्वीट करके उन्हें श्रद्धांजलि तक दे दी।
देशभर में यह खबर वायरल होने के बाद समर्थकों ने सीधे ताई को फोन लगाकर उनसे बात की। सुमित्रा ताई भी उनके बारे में उड़ी अफवाह पर हैरान रह गई। उन्होंने इस बात पर नाराजगी भी जताई।
शशि थरूर ने जताया खेद।
ताई की तबीयत को लेकर हकीकत सामने आने के बाद शशि थरूर ने ताई को कॉल कर अपने ट्वीट के लिए खेद व्यक्त किया।
हल्का बुखार आने के बाद ताई को किया था भर्ती।
दरअसल सुमित्रा महाजन को गुरुवार को हल्का सा बुखार आने के कारण एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें कुछ और जांचों के लिए भर्ती कर लिया गया। इस बीच उनके जाने की अफवाह तेजी के साथ सोशल मीडिया पर फैलने लगी। कई वाट्स एप समूहो में भी खबर आ गई। एक के बाद एक करके ट्वीट आने लगे और ताई को श्रद्धांजलि दी जाने लगी।
विजयवर्गीय और ताई के पुत्र ने भी किया खंडन।
ताई के बारे में अफवाह उड़ने के बाद बीजेपी के नेता कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट किया और लोगों को बताया कि ताई एकदम स्वस्थ हैं और भगवान उन्हें लंबी उम्र दे। ताई के पुत्र मंदार महाजन ने भी इन अफवाहों का खंडन किया और बताया कि ताई अस्पताल में बेहतर स्थिति में है।
सरकार ले संज्ञान।
उधर सुमित्रा महाजन ने भी उनको लेकर उड़ी अफवाह पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके बारे में गलत खबर बिना पुष्टि के मीडिया समूह में कैसे चलाई गई, इस बात पर सरकार को संज्ञान लेना चाहिए।









