आधारभूत संरचनाओं के विकास और जरूरतों को ध्यान में रखकर बनेगा विजन डॉक्यूमेंट – 2050

  
Last Updated:  March 12, 2024 " 05:49 pm"

अधिकारियों के मैदानी भ्रमण की मॉनिटरिंग के लिए बनेगा पोर्टल और एप।

कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में बैठक संपन्न।

इंदौर : 2050 के इंदौर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत संरचनाओं के विकास और अन्य सुविधाओं का आकलन कर विजन डाक्यूमेंट तैयार किया जाएगा। यह डॉक्यूमेंट सभी संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर पर तैयार कर कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे। इसे फिर एक विजन डॉक्यूमेंट बनाया जाएगा। इसके साथ ही अधिकारियों द्वारा किए जा रहे मैदानी भ्रमण की मॉनिटरिंग के लिए पोर्टल और एप भी बनाया जाएगा।

यह जानकारी कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई समय सीमा के पत्रों के निराकरण (टीएल) की समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक में अपर कलेक्टर गौरव बैनल, श्रीमती सपना लोवंशी, रोशन राय, राजेंद्र रघुवंशी, श्रीमती निशा डामोर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य समय सीमा के पत्रों के निराकरण की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में सकारात्मक रूप से किया जाए। बैठक में उन्होंने अधिकारियों द्वारा किए जा रहे मैदानी भ्रमण की भी अधिकारी वार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सप्ताह में कम से कम एक दिन जरूर क्षेत्र का भ्रमण करें। अपने भ्रमण को प्रभावी, सकारात्मक और परिणाम मूलक बनाएं। भ्रमण को पूर्ण गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि अपने भ्रमण के दौरान लोगों की समस्याएं भी पता करें तथा उनका यथासंभव मौके पर निराकरण करें। योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की भी समीक्षा करें। विकास कार्यों की प्रगति को देखें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के भ्रमण की मॉनिटरिंग के लिए पोर्टल तथा एप बनाया जाए। सभी अधिकारी इस पोर्टल और एप में अपने भ्रमण की जानकारी दर्ज करें।

बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आगामी 2050 को ध्यान में रखते हुए आधारभूत संरचनाओं के विकास और जरूरतों के मान से विजन डाक्यूमेंट तैयार करें। यह विजन डॉक्यूमेंट कलेक्टर कार्यालय में जल्द प्रस्तुत करें। बैठक में उन्होंने शहर को भिक्षा वृति से मुक्त करने के अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने इस अभियान को और अधिक गति देकर प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *