इंदौर के प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मांगीलाल चुरिया अस्पताल के नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण

  
Last Updated:  July 27, 2023 " 08:22 pm"

विकास पर्व – 2023

इंदौर : विकास पर्व के दौरान प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को इंदौर के अंबेडकर नगर क्षेत्र स्थित मांगीलाल चुरिया अस्पताल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। यह भवन करीब साढ़े 4 करोड़ रूपए की लागत से बनाया गया है।इस भवन के बन जाने से अम्बेडकर नगर सहित इसके आस-पास की अनेक बस्तियों के हजारों मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।

इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मिश्रा ने कहा कि राज्य शासन द्वारा प्रगति के नित नए सौपान तय किए जा रहे हैं। राज्य शासन द्वारा समाज के सभी वर्गों का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है। आधारभूत संरचनाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान देकर कार्य किए जा रहे हैं।

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों के लिये कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने बालिकाओं और महिलाओं के लिए क्रियान्वित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में यह पहली बार हो रहा, जब बालिका के जन्म से लेकर उसकी वृद्धावस्था के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने लाडली बहना और लाडली लक्ष्मी योजना का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से महिलाएं और बालिकाएं सशक्त बन रही हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर के नागरिकों को सुलभ रूप से पेयजल मिले इसके लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि भविष्य में भी किसी नागरिक को पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़े, उन्हें घर में ही नल से जल आसानी से मिले।

विधायक महेन्द्र हार्डिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मांगीलाल चुरिया अस्पताल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल को सिविल अस्पताल का दर्जा दिया गया है। यहां अब विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहकर हर बीमारी कर इलाज करेंगे। अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों को सीधा फायदा मिलेगा।

गृहमंत्री मिश्रा ने नगर निगम द्वारा नवनिर्मित पेयजल टंकी का लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेन्द्र हार्डिया और रमेश मेंदोला, नगर निगम एमआईसी के सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया और मनीष शर्मा, सूरज केरो सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *